
सीकर। श्रीमाधोपुर क्षेत्र के कंचनपुर गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने लोगों को भागने पर मजबूर कर दिया। यहां गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार के दौरान मधुमक्खियों ने लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले से मौके पर हड़कंप मच गया। मधुमक्खियों के हमले में 25 से अधिक लोग घायल हो गए, जिनमें से 15 को गंभीर हालत में श्रीमाधोपुर के खंडेला रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, गांव के माधो सिंह शेखावत (80) के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान शव को चिता पर रखा गया। इसी दौरान कुछ लोग श्मशान में रखी लकड़ियां लेने गए। तभी मुख्य गेट के पास पीपल के पेड़ पर मौजूद मधुमक्खियों ने अचानक वहां मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। मधुमक्खियों के हमले के बाद श्मशान घाट में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन चारों ओर 6 फीट ऊंची दीवार होने के कारण कई लोग बाहर नहीं निकल सके और मधुमक्खियों के हमले का शिकार हो गए।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved