
सारी गाड़ियों के फुल टैंक… पेट्रोल पंप हुए सूने…
-48 घंटे में ही 108 लाख लीटर भरवा लिया गाड़ियों में
-आज सुबह भी 73 टैंकरों को पम्पों पर भिजवाया, प्रशासन के साथ खाद्य विभाग की टीम लगातार सक्रिय
इंदौर। पहले रसोई गैस सिलेंडरों (LPG cylinders) की मारामारी हुई, उसके बाद दो दिन से पेट्रोल-डीजल (Petrol and Diesel) को लेकर हड़कम्प मचा है और अफवाहों पर ध्यान ना देने की अपीलों के बावजूद सभी पम्पों पर सुबह से शाम तक भीड़ लगी और 48 घंटे में ही 108 लाख लीटर पेट्रोल-डीजल गाड़ियों में भरवा लिया गया, जो कि इंदौर की रोजाना की सामान्य खपत से तीन से चार गुना अधिक है। अधिकारियों का कहना है कि मांगलिया स्थित डिपो में पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक है और लगभग 45 दिनों तक इंदौर में सप्लाय की जा सकती है, इसलिए इंदौरी घबराएं नहीं। पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति अभी निरंतर होती रहेगी। आज सुबह भी 73 टैंकर विभिन्न पम्पों पर पेट्रोल-डीजल के भिजवाए गए।
केन्द्र से लेकर राज्य सरकार और स्थानीय अधिकारी लगातार अफवाहों पर ध्यान ना देने और पम्पों पर भीड़ ना लगाने के अनुरोध कर रहे हैं। बावजूद इसके हर वाहन चालक अपनी गाड़ी का टैंक फुल करवाने में जुटा है। इसका परिणाम यह निकला कि अधिकांश पम्पों पर पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया और कल से टैंक फुल करवाने की बजाय पम्पों से भी कम मात्रा में पेट्रोल-डीजल दिया जाने लगा। कुछ वीडियो ऐसे भी आए, जिसमें बड़े ड्रमों में पेट्रोल-डीजल पम्पों से दिया जा रहा है। कल संभागायुक्त नेसभी कलेक्टर और पेट्रोल-डीजल कम्पनियों के वितरक की बैठक भी बुलाई, जिसमें सभी कम्पनियों ने बताया कि उनके पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और इंदौर के साथ-साथ पूरे संभाग में भी नियमित आपूर्ति जारी रहेगी और बढ़ती मांग के मद्देनजर सप्लाय चैन को भी मजबूत किया गया है। नागरिकों से भी अपील की गई कि वे अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल का भंडारण ना करें, जितनी आवश्यकता हो उतना ही भरवाएं, वहीं कलेक्टर शिवम वर्मा का कहना है कि बीते दो दिनों से लगातार सभी पेट्रोल पम्पों पर पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति करवाई जा रही है और कहीं कोई किल्लत नहीं है। वर्मा के मुताबिक आज सुबह 6 बजे से मांगलिया स्थित एचपीसीएल, भारत पेट्रोलियम, इंडियन ऑयल के डिपो से टैंकरों में पेट्रोल-डीजल भरवाने का काम शुरू किया गया, वहीं इंदौर के खाद्य नियंत्रक मोहन मारू ने बताया कि इंदौरियों को घबराने की जरूरत नहीं है। लगभग 45 दिनों का स्टॉक डिपो में मौजूद है। सुबह ९ बजे तक मांगलिया डिपो से हिंदुस्तान पेट्रोलियम की 24 टैंकर लोरियां, भारत पेट्रोलियम की 34 तथा इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन की 15 टैंकर लोरियां कुल 73 टैंकर लॉरी विभिन्न पेट्रोल पंपों के लिए रवाना हो चुकी हैं। डिपो पर पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल एवं डीजल उपलब्ध है और पूरी क्षमता के साथ टैंकरों को भरा जा रहा है। जिला प्रशासन की टीम सुबह 5 बजे से ही सक्रिय होकर मांगलिया डिपो तथा फील्ड के पेट्रोल पंपों का सतत निरीक्षण कर रही है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और ईंधन की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके। जिला प्रशासन द्वारा सभी संचालकों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वह अपना इंडेंट लगाने की अग्रिम कार्रवाई करेंगे और किसी प्रकार से पेट्रोल पंप राय ना रहे इसकी समुचित तैयारी सेल्स ऑफिसर तेल कंपनियों एवं पंप संचालक करना सुनिश्चित करेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अपनी आवश्यकता के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल प्राप्त करें। जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है तथा आपूर्ति पूरी तरह व्यवस्थित रूप से जारी है।