
यरुशलम। इस्राइल (Israel) के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Prime Minister Benjamin Netanyahu) ने गुरुवार देर रात बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस्राइली हमलों में ईरान (Iran) के शीर्ष परमाणु वैज्ञानिक (Nuclear Scientist) मारे गए हैं। उन्होंने एक संवाददाता सम्मेलन में ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई पर भी तीखा हमला बोला और उन्हें इस्लामिक रिवॉल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की कठपुतली करार दिया।
मोजतबा खामेनेई पर साधा निशाना
एक रिपोर्ट के अनुसार नेतन्याहू ने कहा कि मोजतबा खामेनेई सार्वजनिक रूप से सामने आने की स्थिति में नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईरान की सत्ता पर वास्तविक नियंत्रण आईआरजीसी का है और नया सर्वोच्च नेता उसके प्रभाव में काम कर रहा है।
नेतन्याहू की यह टिप्पणी उस समय आई जब कुछ घंटों पहले ही ईरान के सरकारी टेलीविजन पर मोजतबा खामेनेई का बयान प्रसारित किया गया था, जिसमें उन्होंने ईरान की ओर से हमले जारी रखने की बात कही थी।
ईरान की ओर से नहीं आई आधिकारिक प्रतिक्रिया
इस्राइल के दावों पर ईरान की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि माना जा रहा है कि तेहरान इन आरोपों का खंडन कर सकता है और इस्राइल के खिलाफ कड़ी प्रतिक्रिया दे सकता है।
सरकारी टीवी पर पढ़ा गया खामेनेई का बयान
ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई ने अमेरिका और इस्राइल के साथ जारी संघर्ष के बीच गुरुवार को अपना पहला बयान जारी किया। हालांकि यह बयान उन्होंने खुद कैमरे पर नहीं पढ़ा, बल्कि ईरानी सरकारी टेलीविजन पर एक समाचार एंकर ने इसे पढ़कर सुनाया।
पड़ोसी देशों से दोस्ती, दुश्मनों पर हमले की चेतावनी
अपने बयान में मोजतबा खामेनेई ने कहा कि ईरान अपने पड़ोसी देशों के साथ मित्रतापूर्ण संबंध चाहता है, लेकिन अमेरिका के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना जारी रहेगा। उन्होंने देशवासियों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद रखा जाएगा, ताकि ईरान के विरोधियों पर दबाव बनाया जा सके। साथ ही उन्होंने कहा कि ईरान अपने शहीदों के खून का बदला जरूर लेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved