
नई दिल्ली। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने आज अपने पहले दिल्ली दौरे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। दोनों की मुलाकात की आधिकारिक तस्वीर प्रधानमंत्री कार्यालय के एक्स हैंडल पर जारी हुई। पीएमओ के एक्स हैंडल पर इस मुलाकात के बारे में लिखा गया, ‘तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की।’ कई मीडिया रिपोर्ट्स में ये भी दावा किया जा रहा है कि पीएम मोदी और विजय की ये मुलाकात 12 वर्षों के बाद हुई है। हालांकि, किसी आधिकारिक बयान में इस तथ्य की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की जा सकी है।
विधानसभा चुनाव 2026 में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद मुख्यमंत्री बने विजय पहली दिल्ली यात्रा कर रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर समाचार एजेंसी आईएएनएस ने सूत्रों के हवाले से बताया कि पीएम मोदी के अलावा वे गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात कर सकते हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक में विजय तमिलनाडु के लिए अधिक वित्तीय सहायता और कई अहम इंफ्रास्ट्रक्चर व विकास परियोजनाओं को जल्द मंजूरी देने की मांग से जुड़े ज्ञापन सौंपेंगे। जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री बुधवार को दिल्ली रवाना होंगे और उसी दिन चेन्नई लौट सकते हैं।
विजय के केंद्र सरकार से राज्य में बुनियादी ढांचे के विस्तार, लंबित वित्तीय आवंटन, औद्योगिक विकास योजनाओं, कल्याणकारी कार्यक्रमों और प्रमुख कनेक्टिविटी परियोजनाओं के लिए अधिक सहयोग मांगने की संभावना है। माना जा रहा है कि ये परियोजनाएं तमिलनाडु की आर्थिक प्रगति के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। यह दौरा राजनीतिक रूप से भी काफी अहम माना जा रहा है। हाल ही में हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय और उनकी पार्टी टीवीके ने राज्य की राजनीति में बड़ा उलटफेर किया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved