
सतना। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) के सतना (Satna) दौरे पर गुरुवार को उस समय हंगामा हो गया जब कांग्रेस विधायक (Congress MLA) ने उनका काफिला रोक लिया। मौके पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर नारेबाजी की और क्षेत्र में लगातार बनी खाद की किल्लत का मुद्दा उठाया। जानकारी के अनुसार, कांग्रेस विधायक ने सीधे केंद्रीय मंत्री से किसानों की समस्या पर सवाल पूछे और तुरंत समाधान की मांग की। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान और विधायक के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से खाद की कमी को लेकर किसानों की परेशानी बढ़ी है। सतना समेत कई जिलों में किसान खाद के लिए लंबी कतारों में खड़े हैं, जिसके कारण आक्रोश बढ़ रहा है। कांग्रेस ने इसे लेकर सरकार और कृषि विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं। विवाद के बीच शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को आश्वासन दिया कि खाद की उपलब्धता सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समय पर किसानों को खाद उपलब्ध कराई जाए और जल्द ही जिले में पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। वहीं, कांग्रेस विधायक का कहना है कि जब तक किसानों को राहत नहीं मिलती, विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही और केवल कागजों में योजनाएं बनाकर जिम्मेदारी से बच रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved