
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि महापुरुषों के विचारों को हर किसी को आत्मसात करना चाहिए। राजनीति में काम करने वालों के लिए तो यह और भी जरूरी है। राजनीति में अंतिम व्यक्ति का विचार करना आवश्यक है।
शरद पवार के 80 वर्ष पूर्ण होने पर राकांपा की ओर से शनिवार को मुंबई में कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पवार ने कहा कि देश की राजनीति में महापुरुषों के कार्य महत्वपूर्ण हैं। ज्योतिबा फुले के सुझाव अंग्रेज भी मानते थे। उन्होंने कहा कि डॉ. बीआर अंबेडकर के सुझाव पर ही जलसंचय की दिशा में महत्वपूर्ण काम किया गया, जिससे आज पंजाब एवं हरियाणा समृद्ध हैं। डॉ. अंबेडकर ने अपनी दूरदर्शिता से देश को भारतीय संविधान दिया है। इससे सभी वर्ग के लोगों का विकास हो रहा है। पवार ने उनके जन्मदिन पर शुभकामना देने वालों का आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम में राकांपा प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटील, उप मुख्यमंत्री अजीत पवार, पूर्व मंत्री एकनाथ खडसे, छगन भुजबल ने शरद पवार के जन्मदिन पर शुभकामना दी। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved