
मुंबई। सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन की प्रेसिडेंट और दिग्गज अभिनेत्री पूनम ढिल्लों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ‘सोहनी माहीवाल’, ‘ये वादा रहा ’ और ‘नाम’ जैसी फिल्मों में अपने शानदार अभिनय से दर्शकों के दिलों पर राज करने वालीं पूनम ढिल्लों डेंगू की चपेट में आ गई हैं, जिसके चलते उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस खबर के सामने आने के बाद पूनम ढिल्लों के फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो उठे हैं और सोशल मीडिया पर उनकी रिकवरी के लिए दुआएं कर रहे हैं।
विक्की लालवानी ने अपने लेटेस्ट पोस्ट में पूनम ढिल्लों का हेल्थ अपडेट दिया है है और बताया कि जब उन्हें इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने सुबह पूनम ढिल्लों से मैसेज करके उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। इस मैसेज का जवाब देते हुए अभिनेत्री ने बताया कि वह अब पहले से बेहतर हैं और रिकवर कर रही हैं। दूसरी तरफ अभिनेत्री के फैंस इस खबर के सामने आने के बाद लगातार उनकी सेहत को लेकर चिंता जाहिर कर रहे हैं और उम्मीद जता रहे हैं कि वह जल्दी ही इस गंभीर बीमारी से बाहर आ जाएंगी।
पूनम ढिल्लों के डेंगू के चपेट में आने और अस्पताल में भर्ती होने की खबर ऐसे समय पर आई है, जब सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन यानी CINTAA के भीतर नेतृत्व को लेकर विवाद जोरों पर है। पिछले दिनों ही इस संगठन के कई सदस्यों ने मौजूदा नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए इस्तीफा दे दिया। इस विवाद की शुरुआत अगस्त में हुई, जब संगठन के 11 कार्यकारी समिति सदस्यों ने इस्तीफा दे दिया। इनमें आठ निर्वाचित सदस्य शामिल थे। इस्तीफा देने वाले सदस्यों ने संगठन में पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए हैं और फिर नए चुनाव की मांग की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved