ब्‍लॉगर

जनसंख्या वृद्धि पर नीति बनाने की जरूरत

– प्रमोद भार्गव

आज पृथ्वी बढ़ती मानव आबादी के चलते अतिरिक्त बोझ का अनुभव कर रही है। यह संख्या इसी अनुपात में बढ़ती रही तो एक दिन आजीविका के संसाधन लुप्त होने के चरम पर पहुंच जाएंगे। नतीजतन इंसान, इंसान के ही अस्तित्व के लिए संकट बन जाएगा। यह स्थिति भारत समेत दुनिया के देशों में उत्पन्न न हो, इस हेतु कारगर उपायों की जरूरत है। भारत में जनसंख्या को नियंत्रित करने के लिए परिवार नियोजन को आजादी के बाद से ही प्रोत्साहित किया जा रहा है, लेकिन ये उपाय धार्मिक वर्जनाओं को आधार बनाकर समान रूप से लागू नहीं हो पा रहे हैं। इसलिए जनसंख्या वृद्धि दर पर अंकुश लगाने के लिए समान नीति को कानूनी रूप दिया जाना आवश्यक है। हालांकि यह कानून बनाया जाना आसान नहीं है क्योंकि जब भी इस कानून के प्रारूप को संसद के पटल पर रखा जाएगा, कथित बुद्धिजीवी और उदारवादी धार्मिक रंग देने की पुरजोर कोशिश में लग जाएंगे।

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में आयोजित संघ के कार्यक्रम में सर संघचालक मोहन भागवत ने दो टूक शब्दों में कहा था कि ‘जनसंख्या वृद्धि पर एक नीति बने, जिसमें दो बच्चों के कानून का प्रावधान हो। यह नीति सबके विचार व सहमति से बने क्योंकि जनसंख्या एक समस्या भी है और एक साधन भी बन सकती है।‘ इस बयान को लेकर खूब हाय-तौबा मची थी, जबकि ऐसा नहीं है कि जनसंख्या नियंत्रण पर संघ ने अपनी मंशा पहली बार जताई हो। इसके पहले रांची में संघ की अखिल भारतीय कार्यकरिणी समिति में जनसंख्या नीति का पुनर्निधारण किया गया था। जिसमें नीति को समान रूप से क्रियान्वित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। 2019 के स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनसंख्या विस्फोट पर चिंता जताई थी। भाजपा के घोषणापत्र में भी यह मुद्दा शामिल है।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ हिंदुओं की आबादी घटने पर कई बार चिंता जता चुका है। साथ ही हिंदुओं को ज्यादा बच्चे पैदा करने की सलाह भी संघ के सह कार्यवाहक देते रहे हैं। इन बयानों को अबतक हिंदु पक्षधरता के दायरे में समेटने की संकीर्ण मानसिकता जताई जाती रही है, जबकि इसे व्यापक दायरे में लेने की जरूरत है। कश्मीर, केरल समेत अन्य सीमांत प्रदेशों में बिगड़ते जनसंख्यात्मक अनुपात के दुष्परिणाम कुछ समय से प्रत्यक्ष देखने में आ रहे हैं। कश्मीर से 5 लाख हिंदुओं का विस्थापन, बांग्लादेशी घुसपैठियों के चलते असम व अन्य पूर्वोत्तर राज्यों में बदलते जनसंख्यात्मक घनत्व के चलते जब चाहे तब दंगे के हालात उत्पन्न हो जाते हैं। यही हालात पश्चिम बंगाल में देखने में आ रहे हैं। जबरिया धर्मांतरण के चलते पूर्वोत्तर और केरल राज्यों में बढ़ता ईसाई वर्चस्व ऐसी बड़ी वजह बन रही है, जो देश के मौजूदा नक्शे की शक्ल बदल सकती है? लिहाजा परिवार नियोजन के एकांगी उपायों को खारिज करते हुए आबादी नियंत्रण के उपायों पर नए सिरे से सोचने की जरूरत है।

भारत में समग्र आबादी की बढ़ती दर बेलगाम है। 15 वीं जनगणना के निष्कर्ष से साबित हुआ है कि आबादी का घनत्व दक्षिण भारत की बजाए, उत्तर भारत में ज्यादा है। लैंगिक अनुपात भी लगातार बिगड़ रहा है। देश में 62 करोड़ 37 लाख पुरुष और 58 करोड़ 65 लाख महिलाएं हैं। शिशु लिंगानुपात की दृष्टि से प्रति हजार बालकों की तुलना में महज 912 बलिकाएं हैं। हालांकि इस जनगणना के सुखद परिणाम यह रहे हैं कि जनगणना की वृद्धि दर में 3.96 प्रतिशत की गिरावट आई है। 2011 की जनगणना के अनुसार हिंदुओं की जनसंख्या वृद्धि दर 16.7 प्रतिशत रही, जबकि 2001 की जनगणना में यह 19.92 फीसदी थी। वहीं 2011 की जनगणना में मुसलमानों की आबादी में वृद्धि दर 19.5 प्रतिशत रही, वहीं 2001 की जनगणना में यह वृद्धि 24.6 प्रतिशत थी। साफ है, मुस्लिमों में आबादी की दर हिंदुओं से अधिक है। विसंगति यह भी है कि पारसियों व ईसाईयों में भी जन्मदर घटी है। जबकि उच्च शिक्षित व उच्च आयवर्ग के हिंदू एक संतान पैदा करने तक सिमट गए हैं, जबकि वे तीन बच्चों के भरण-पोषण व उन्हें उच्च शिक्षा दिलाने में सक्षम हैं। भविष्य में वे ऐसा करें तो समुदाय आधारित आबादियों के बीच संतुलन की उम्मीद की जा सकती है?

यहां असम के डाॅ. इलियास अली के जागरुकता अभियान का जिक्र करना जरूरी है। डाॅ. अली गांव-गांव जाकर मुसलमानों में अलख जगा रहे हैं कि इस्लाम एक ऐसा अनूठा धर्म है, जिसमें आबादी पर काबू पाने के तौर-तरीकों का ब्यौरा है। इसे ‘अजाल‘ कहा जाता है। इसी बिना पर मुस्लिम देश ईरान में परिवार नियोजन अपनाया जा रहा है। यही नहीं इसकी जवाबदेही धर्मगुरुओं को सौंपी गई है। ये ईरानी दंपत्तियों के बीच कुरान की आयतों की सही व्याख्या कर लोगों को परिवार नियोजन के लिए प्रेरित कर रहे हैं। डाॅ. इलियास चिकित्सा महाविद्यालय गुवाहाटी में प्राघ्यापक हैं। वे प्रकृति से धार्मिक हैं। उनसे प्रभावित होकर असम सरकार ने उन्हें खासतौर से मुस्लिम बहुल इलाको में परिवार नियोजन के क्षेत्र में जागरुकता लाने की कमान सौंपी है। डाॅ. इलियास के इन संदेशों को पूरे देश में फैलाने की जरूरत है।

आबादी नियंत्रण के परिप्रेक्ष्य में हम केरल द्धारा बनाए गए ‘कानून वूमेन कोड बिल-2011‘ को भी एक आदर्श उदाहरण मान सकते हैं। इस कानून का प्रारूप न्यायाधीश वीआर कृष्ण अय्यर की अध्यक्षता वाली 12 सदस्यीय समिति ने तैयार किया था। इस कानून में प्रावधान है कि देश के किसी भी नागरिक को धर्म, जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर परिवार नियोजन से बचने की सुविधा नहीं है। हालांकि दक्षिण भारत के राज्यों की जनसंख्या वृद्धि दर संतुलित रही है क्योंकि इन राज्यों ने परिवार नियोजन को सुखी जीवन का आधार मान लिया है। बावजूद आबादी पर नियंत्रण के उपाय तभी सफल हो सकते हैं, जब सभी धर्मावलंबियों, समाजों, जातियों और वर्गों की सहभागिता हो। हमारे यहां परिवार नियोजन अपनाने में सबसे पीछे मुसलमान हैं। मुस्लिमों की बहुसंख्यक आबादी में आज भी यह भ्रम फैला है कि परिवार नियोजन इस्लाम के विरुद्ध है। कुरान इसकी अनुमति नहीं देता। ज्यादातर रूढ़िवादी धर्मगुरू मुस्लिमों को कुरान की अयातों की गलत व्याख्या कर गुमराह करते हैं।

देश में पकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद और बांगलादेशी मुस्लिमों की अवैध घुसपैठ, अलगावादी हिंसा के साथ जनसंख्यात्मक घनत्व बिगाड़ने का काम भी कर रही है। कश्मीर से 1988 में आतंकी दहशत के चलते मूल कश्मीरियों के विस्थापन का सिलसिला शुरू हुआ था। इन विस्थापितों में हिंदू, डोगरे, जैन, बौद्ध और सिख हैं। उनके साथ धर्म व संप्रदाय के आधार पर ज्यादती हुई और निदान आजतक नहीं हुआ। हालांकि नरेंद्र मोदी सरकार द्वारा धारा-370 हटाए जाने के बाद घाटी में हालात तेजी से बदल रहे हैं। लिहाजा उम्मीद की जा रही है कि विस्थापितों का अपने पुराने रहवासों में जल्द पुनर्वास की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। कश्मीर में स्थिति बिगड़ने के कारणों में एक जनसंख्यात्मक घनत्व बिगड़ना है।

इधर असम क्षेत्र में 4 करोड़ से भी ज्यादा बांगलादेशियों ने घुसपैठ कर यहां का जनसंख्यात्मक घनत्व बिगड़ दिया है। नतीजतन यहां नगा, बोडो और असमिया उपराष्ट्रवाद विकसित हुआ। इसकी हिंसक अभिव्यक्ति अलगाववादी आंदोलनों के रूप में देखने में आती रहती है। 1991 की जनगणना के अनुसार कोकराझार जिले में 39.5 फीसदी बोडो आदिवासी थे और 10.5 फीसदी मुसलमान। किंतु 2011 की जनगणना के मुताबिक आज इस जिले में 30 फीसदी बोडो रह गए हैं, जबकि मुसलमानों की संख्या बढ़कर 25 फीसदी हो गई है। कोकराझार से ही सटा है, धुबरी शहर। धुबरी जिले में 12 फीसदी मुसलमान थे, लेकिन 2011 में इनकी संख्या बढ़कर 98.25 फीसदी हो गई है। धुबरी अब भारत का सबसे घनी मुस्लिम आबादी वाला जिला बन गया है। 2001 की जनगणना के मुताबिक असम के नौगांव, बरपेटा, धुबरी, बोंगई गांव और करीमनगर जैसे नौ जिले में मुस्लिम आबादी की संख्या हिंदु आबादी से ज्यादा है। घुसपैठ ने भी आबादी का घनत्व बिगाड़ने का काम किया है।

गौरतलब है कि असम समेत समूचा पूर्वोत्तर भारत से केवल 20 किमी चौड़े भूखण्ड से जुड़ा है। इन सात राज्यों को सात बहनें कहा जाता है। यह भूखण्ड भूटान, तिब्बत, म्यांमार और बांगलादेश से घिरा है। इस पूरे क्षेत्र में ईसाई मिशनरियां सक्रिय हैं, जो शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के बहाने धर्मांतरण कर रही हैं। इसी वजह से नागालैंड ऐसा राज्य है, जहां ईसाई आबादी बढ़कर 98 प्रतिशत के आंकड़े को छू गई है। बावजूद भारतीय ईसाई धर्मगुरु कह रहे हैं कि ईसाईयों की आबादी बीते डेढ़ दशक में घटी है। चर्चों में होने वाली प्रार्थना सभाओं में इस संदेश को प्रचारित किया जा रहा है। इसपर कोई हंगामा नहीं होता है। जबकि संघ या भाजपा से जुड़ा कोई व्यक्ति आबादी नियंत्रण की वकालत करता है तो तत्काल हो-हल्ला शुरू हो जाता है। जबकि इस संवेदनशील मुद्दे को संजीदगी से लेने की जरूरत है।

(लेखक स्वतंत्र टिप्पणीकार हैं।)

Share:

Next Post

कोरोना अजीब बीमारी... अपनों को भी कर देती है दूर

Sat Aug 29 , 2020
शिवराज बोले – मैं खुद भुक्तभोगी… बाथरूम से लेकर रूम तक की खुद ने की सफाई इंदौर। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने 237 करोड़ की लागत से बने सुपर स्पेशिएलिटी हॉस्पिटल का लोकार्पण किया और संभागायुक्त, कलेक्टर, आईजी, डीआईजी सहित, चिकित्सकों, नर्स, मेडिकल स्टाफ के साथ शहरवासियों द्वारा भी कोरोना नियंत्रण के लिए किए गए कार्यों […]