
नई दिल्ली । प्रवेश वर्मा व अन्य भाजपा नेता (Pravesh Verma and other BJP leaders) दिल्ली के उपराज्यपाल (Lieutenant Governor of Delhi) से मिले (Met) । दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रचंड जीत मिलने के बाद दिल्ली भाजपा के नेताओं ने रविवार को उपराज्यपाल के आधिकारिक निवास राज भवन पहुंचकर उनसे मुलाकात की । भाजपा नेताओं ने इसे शिष्टाचार मुलाकात बताया।
जिन भाजपा नेताओं ने राज भवन पहुंचकर उपराज्यपाल वीके सक्सेना से मुलाकात की, उनमें प्रवेश वर्मा, कैलाश गहलोत, राजकुमार चौहान, नीरज बसोया और अरविंदर सिंह लवली शामिल थे।कैलाश गहलोत ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि यह सिर्फ एक शिष्टाचार मुलाकात थी। इससे पहले आतिशी ने आज दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने राज निवास पहुंचकर उपराज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा।
दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद ‘आप’ नेता आतिशी राज निवास से रवाना हुईं। हालांकि, उन्होंने इस दौरान मीडिया से कोई बातचीत नहीं की। आतिशी के इस्तीफा देने के बाद उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने दिल्ली विधानसभा को भंग कर दिया है। उपराज्यपाल ने विधानसभा को भंग किए जाने की अधिसूचना जारी कर दी है।
ज्ञात हो कि भाजपा को 2025 विधानसभा चुनाव में यह जीत 2015 और 2020 के चुनावों में करारी हार झेलने के बाद मिली है। 27 साल के लंबे इंतजार के बाद भाजपा को दिल्ली में पूर्ण बहुमत मिला है। दिल्ली की 70 सीटों में से 48 पर भाजपा ने परचम लहराया, जबकि ‘आप’ को 22 सीटों से ही संतोष करना पड़ा। बता दें कि ‘आप’ के मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल सहित कई वरिष्ठ नेताओं को हार का सामना करना पड़ा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved