
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पांच सितंबर को 46 शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करेंगी। शिक्षकों के लिए यह सम्मान समारोह 05 सितंबर, 2022 को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया जाएगा। पांच सितंबर को देश के दूसरे राष्ट्रपति रहे डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती को देश भर में शिक्षक दिवस के तौर पर मनाया जाता है। इस दिन देश भर से चुने गए सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को राष्ट्रपति के द्वारा राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित करने की परंपरा रही है।
ऑनलाइन, कठोर और पारदर्शी तीन चरणों की प्रक्रिया से होता है चयन
इसी क्रम में इस साल 46 शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार (National Awards) 2022 प्रदान किया जाएगा। बता दें कि स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय हर साल शिक्षक दिवस पर राष्ट्रीय स्तर के समारोह का आयोजन देश के सर्वश्रेष्ठ शिक्षकों को पुरस्कार प्रदान करने के लिए करता है। विभाग की ओर से सम्मान के लिए योग्य शिक्षकों का चयन ऑनलाइन, कठोर और पारदर्शी तीन चरणों की चयन प्रक्रिया के माध्यम से किया जाता है।
दूरदर्शन और स्वयं प्रभा चैनलों पर होगा सीधा प्रसारण
इस साल सम्मान समारोह 2022 का दूरदर्शन और स्वयं प्रभा चैनलों पर सीधा प्रसारण और शिक्षा मंत्रालय के webcast.gov.in/moe पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि शिक्षकों को राष्ट्रीय पुरस्कार देश में शिक्षकों के अद्वितीय योगदान का जश्न मनाने और उन शिक्षकों को सम्मानित करने के लिए है, जिन्होंने अपनी प्रतिबद्धता और परिश्रम के माध्यम से न केवल स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार किया है, बल्कि अपने छात्रों के जीवन को भी समृद्ध किया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved