मुंबई। एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) ने एक वीडियो शेयर किया और उसके बाद यह अटकले लगने लगी कि प्रियंका प्रयागराज पहुंची हैं औऱ महाकुंभ (Mahakumbh) मेले जाकर संगम में डुबकी लगाएंगी, हालांकि, इन अटकलों में कोई सच्चाई नहीं है। प्रियंका को दो दिन पहले ही हैदराबाद एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया था। वह महेश बाबू के साथ राजामौली की फिल्म ‘एसएसएमबी29’ में काम करने वाली हैं और इसी सिलसिले में भारत आई हैं।
राम मंदिर जा चुकी हैं प्रियंका
प्रियंका चोपड़ा विदेश में बसने के बाद भी लगातार भारतीय पर्व-त्योहारों और परंपराओं को अपनाने के लिए जानी जाती हैं। इससे पहले वह अपने परिवार के साथ अयोध्या राम मंदिर में दर्शन के लिए गई थीं, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुए थे। इससे पहले प्रियंका ने पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ अमेरिका में दिवाली पूजा और दिवाली सेलिब्रेशन की फोटोज भी शेयर की थीं।
26 फरवरी तक चलेगा महाकुंभ
प्रयागराज में महाकुंभ मेला 13 जनवरी से 26 फरवरी तक चलने वाला है। महाकुंभ के लिए प्रशासन ने बड़े स्तर पर तैयारियां की हैं। मेला क्षेत्र को लगभग 4,000 हेक्टेयर में विस्तारित किया गया है, जो 2019 के कुंभ मेले से अधिक है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 1,50,000 से अधिक तंबुओं की व्यवस्था की गई है, साथ ही 4,50,000 नए बिजली कनेक्शन जोड़े गए हैं। स्वच्छता के लिए विशेष ध्यान देते हुए, शौचालयों और स्नानघरों की संख्या में वृद्धि की गई है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved