
डेस्क। ‘पुष्पा 2’ की रिलीज के दौरान प्रमोशन के बीच एक भगदड़ का मामला सामने आया, जिसमें एक औरत की जान चली गई थी और एक बच्चा भी घायल हुआ था। ये मामला कोर्ट पहुंचा और एक्टर के खिलाफ जांच जारी है। एक्टर ने बच्चे के इलाज और पढ़ाई का खर्च उठाया है और मृतक महिला के परिवार को भी धनराषि मदद के रूप में दी है। अब इस संध्या थिएटर भगदड़ मामले में साउथ सुपरस्टार अल्लू अर्जुन को नामपल्ली कोर्ट ने सुनवाई के लिए सोमवार 22 जून को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का समन भेजा है।
सूत्रों के अनुसार चिक्कडपल्ली पुलिस ने इस मामले में एक्टर को आरोपी नंबर 11 (A11) बनाया है। संध्या थिएटर के मैनेजमेंट को आरोपी नंबर 1 से 10 (A1–A10) के तौर पर लिस्ट किया गया है। इसके अलावा कोर्ट ने इस घटना के सिलसिले में कुल 19 आरोपियों को समन जारी किया है। पुलिस पहले ही इस मामले में 23 लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। अल्लू अर्जुन की लीगल टीम के अनुसार, ‘नामपल्ली कोर्ट ने एक्टर अल्लू अर्जुन को सोमवार को सुनवाई के लिए कोर्ट में व्यक्तिगत रूप से पेश होने का समन जारी किया है। हम इस मामले के बारे में बाद में और जानकारी देंगे।’
बता दें कि यह भगदड़ 4 दिसंबर 2024 को संध्या थिएटर में ‘पुष्पा: द रूल – पार्ट 2’ की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान हुई थी। स्टाइलिश स्टार अल्लू अर्जुन की एक झलक पाने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी, जिससे भगदड़ मच गई और 35 वर्षीय महिला रेवती की मौत हो गई। वहीं, उनके नाबालिग बेटे श्री तेजा को ऑक्सीजन की कमी का सामना करना पड़ा, जिससे गंभीर जटिलताएं पैदा हो गईं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved