
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा, महिला पहलवान विनेश फोगाट, टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा और 2016 पैरालंपिक के स्वर्ण पदक विजेता मरियप्पन थंगावेलू को देश में खेल के सर्वोच्च पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न के लिए नामित किया गया है।
पुरस्कार की पुष्टि अब खेल मंत्री किरेन रिजिजू करेंगे। एक बार मंत्री द्वारा पुष्टि के बाद, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद पुरस्कार प्रदान करेंगे। अगर रोहित शर्मा को पुरस्कार मिलता है, तो वह ऐसा करने वाले चौथे क्रिकेटर बन जाएंगे। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर, एमएस धोनी और विराट कोहली को खेल रत्न मिला था।
उल्लेखनीय है कि साल 2019 रोहित शर्मा के लिए शानदार रहा था। पिछले साल उन्होंने वनडे में कुल 1,490 रन बनाए थे, जिसमें 7 शतक शामिल थे, वर्ल्ड कप 2019 में रोहित शर्मा ने 5 शतक जड़े थे, जो एक रिकॉर्ड भी है। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved