
उदयपुर। राज्यसभा चुनाव (Rajya Sabha elections) में तीन सीटों पर जीत सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस ने विधायकों के लिए तैयार बाड़े पर 30 लाख रुपये खर्च किए हैं। यह राशि सिर्फ ठहरने और खाने-पीने पर खर्च हुई है। हेलीकॉप्टर, बसों व कारों से परिवहन का किराया और खर्च अलग है। विधायकों की संख्या के लिहाज से प्रतिदिन भाजपा के बाड़े पर कांग्रेस (Congress) से कुछ कम खर्चा हो रहा है।
उदयपुर (Udaipur) में होटल ताज अरावली को 2 जून से 8 जून तक के लिए बुक किया गया। यह तय किया गया यहां कांग्रेस के विधायकों के अलावा और कोई नहीं रहेगा। विधायकों के आराम और मनोरंजन का भी पूरा ख्याल रखा गया है। कभी म्यूजिक, कभी मूवी तो कभी मस्ती, कभी जादू सबकुछ बाड़े में मौजूद रहा। लंच और डिनर में भी विधायकों की पसंद और नापसंद का ख्याल रखा गया। इनकी फरमाइश पर पानी की तरह पैसा बहाया गया। सुबह उठने के साथ ही जिम, खेल कूद, दोपहर में इनडोर गेम, रात को गीत संगीत, किस्से कहानी और जादू के करतब ने सबका दिल खुश कर दिया। अंतिम रात को भी विधायकों ने खूब हंसी मजाक की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत खुद डिनर में सभी विधायकों से मिले। फोटो सेशन हुआ।
उधर, भाजपा ने भी अपने विधायकों के लिए तीन दिन बाड़ाबंदी का इंतजाम किया है। जयपुर के एक होटल में 62 कमरे बुक करवाए गए हैं। यहां पंद्रह हजार रुपये प्रतिदिन विधायकों पर खर्च किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि 50 लाख से अधिक राशि बाड़ाबंदी पर खर्च हो रही है।
आज लंच के बाद जयपुर रवाना होंगे विधायक
कांग्रेस के बाड़े में मौजूद करीब 120 विधायक गुरुवार को जयपुर के लिए रवाना होंगे। वहां भी इन सभी विधायकों को एक साथ रखा जाएगा। उदयपुर में राज्यसभा चुनाव के मतदान की ट्रेनिंग नहीं हो सकी इसलिए जयपुर में ही मतदान का प्रशिक्षण होगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved