img-fluid

संकटों के बीच संकल्प: ‘दुनिया चुनौतियों से घिरी, फिर भी भारत की विकास दर 7.8%’; पीएम मोदी ने बताया आत्मनिर्भरता का महत्व

September 01, 2026

नई दिल्ली. प्रधानमंत्री (PM) नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने भारत (India) की 7.8 प्रतिशत आर्थिक विकास दर (Growth Rate at 7.8%) को लेकर देशवासियों को बधाई दी है। पीएम मोदी ने इंस्टाग्राम पर एक नया वीडियो साझा करते हुए कहा कि यह उपलब्धि देश की सामूहिक शक्ति, संकल्प और मेहनत का नतीजा है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर युद्ध और संकट के बावजूद भारत तेजी से आगे बढ़ रहा है।

7.8% ग्रोथ पर पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा कि 7.8 प्रतिशत की विकास दर हासिल करना देश के लिए खुशी की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय देशवासियों की संकल्प शक्ति और पुरुषार्थ को दिया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया के कई हिस्से युद्ध और संकट से घिरे हैं। अलग-अलग क्षेत्रों से युद्ध की खबरें सामने आ रही हैं और वैश्विक सप्लाई चेन भी प्रभावित हुई है। उन्होंने कहा कि 2020 के कोविड काल के बाद से दुनिया में स्थिरता पूरी तरह लौटती नहीं दिखी है, इसके बावजूद भारत तेज गति से प्रगति कर रहा है।


  • विपक्ष पर पीएम मोदी ने क्या निशाना साधा?
    प्रधानमंत्री ने कहा कि एक तरफ भारत तमाम वैश्विक चुनौतियों को पार करते हुए आगे बढ़ रहा है, वहीं देश के भीतर कुछ लोग निराशा और झूठ का माहौल बनाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि इन सभी चुनौतियों के बीच भारत ने 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ हासिल की है। अब देश को इस आर्थिक रफ्तार को बनाए रखना है और विकास की गति को और आगे ले जाना है।

    सोना खरीदने को लेकर पीएम मोदी ने क्या कहा?
    पीएम मोदी ने कहा कि भारत की आर्थिक प्रगति को और मजबूत करने के लिए आत्मनिर्भर भारत का निर्माण जरूरी है। उन्होंने देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने और ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोगों को ‘मेड इन इंडिया’ को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने विदेशों में घूमने और शादी करने जैसी प्रवृत्तियों से बचने की भी अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि अगर जरूरत न हो तो सोना खरीदने से भी बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश जितना अधिक स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर देगा, उतना ही भारत की आर्थिक मजबूती बढ़ेगी।

    2047 के विकसित भारत का लक्ष्य दोहराया
    पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि आजादी के 100 वर्ष पूरे होने तक देश अपनी युवा पीढ़ी को विकसित भारत सौंपेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों को आज की मेहनत और संकल्प के जरिए पूरा करना होगा। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपने पुरुषार्थ में कोई कमी न रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति सही दिशा में है और नीयत साफ है। पीएम मोदी के मुताबिक, 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा रही है। उन्होंने देशवासियों से 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ की खुशी मनाने के साथ आगे के लिए नया संकल्प लेने और उसे पूरा करने की दिशा में मिलकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

    Share:

  • भारत में 1901 के बाद सबसे गर्म रहा अगस्त, 125 साल का रिकॉर्ड टूटा

    Tue Sep 1 , 2026
    नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने सोमवार को कहा कि सितंबर में पूरे देश में कुल मासिक बारिश (Monthly rainfall) सामान्य से कम रहने का अनुमान है। आईएमडी ने यह भी कहा कि 1901 के बाद से भारत (India) में अगस्त 2026 सबसे गर्म (August 2026 Hottest) रहा, जिसमें औसत तापमान 28.01 डिग्री […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved