
नई दिल्ली। खुदरा महंगाई दर (Retail inflation rate) जून में 6.26 फीसदी रही। उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित खुदरा महंगाई दर (Retail Inflation based on Consumer Price Index (CPI)) जून में घटकर 6.26 फीसदी हो गई है, जो कि मई में 6.30 फीसदी थी। गौरतलब है कि मई में महंगाई दर अपने 6 महीने के सबसे उच्च स्तर पर थी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) ने सोमवार को ये आंकड़े जारी किए हैं।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के आंकड़ों के मुताबिक हालांकि, मई के मुकाबले जून में खुदरा महंगाई दर में मामूली कमी देखने को मिली है। एनएसओ की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक जून, 2021 में खाद्य पदार्थों की महंगाई दर 5.15 फीसदी पर रही, जो मई महीने में 5.01 फीसदी पर रही थी। मई के मुकाबले जून में खाने-पीने की चीजें महंगी होने की वजह पेट्रोल-डीजल का महंगा होना है।
उल्लेखनीय है कि यह लगातार दूसरा महीना है जब खुदरा महंगाई की दर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (आरबीआई) के लक्ष्य से ज्यादा है। आरबीआई ने अगले 5 साल में खुदरा महंगाई दर को 4 से 6 फीसदी के दायरे में रखने का लक्ष्य तय किया है। इस तरह एनएसओ के आंकड़ों के आधार पर देखा जाए तो आम आदमी को थोड़ी राहत जरूर मिली है लेकिन उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) पर आधारित महंगाई दर जून में आरबीआई के लक्ष्य से ज्यादा रही। (एजेंसी, हि.स.)

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved