खेल

Rishabh Pant ने Virat को पीछे छोड़ा, Kuldeep ने खाए 8 छक्के, मैच में बने ये 10 रिकॉर्ड

नई दिल्ली। सलामी बल्लेबाज जॉनी बेयरस्टो (Johnny Bairstow) और ऑलराउंडर बेन स्टोक्स (Ben Stokes) ने अपनी तूफानी पारियों से इंग्लैंड (England) ने दूसरे वनडे मुकाबले में 39 गेंद शेष रहते हुए छह विकेट से जीत हासिल की। भारत (India) ने पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किये जाने के बाद छह विकेट पर 336 रन का बड़ा स्कोर बनाया था लेकिन इंग्लैंड के शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों ने इसे बौना साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। विश्व चैंपियन इंग्लैंड ने 43.3 ओवरों में चार विकेट पर 337 रन बनाकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर की। इस मैच में कई रिकॉर्ड बने। आइये नजर डालते हैं इन रिकॉर्ड्स पर…

पंत ने मचाया धमाल : पांचवें नंबर पर उतरे ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने 40 गेंद पर 77 रन बनाए। यह उनके करियर की सबसे सर्वश्रेष्ठ पारी है। इसके पहले उन्होंने 2019 में विंडीज के खिलाफ 71 रन की पारी खेली थी। ऋषभ ने दूसरे वनडे में 40 गेंद का सामना किया। 3 चौके और 7 छक्के लगाए। यानी 54 रन उन्होंने सिर्फ बाउंड्री से ही बना दिए। उनका स्ट्राइक रेट लगभग 192.50 का रहा। पंत ने एक पारी में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट से 75 से ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया। इस मामले में उन्होंने कोहली को पीछे छोड़ दिया। कोहली ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जयपुर में 192.30 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 100 रन बनाए थे।


शतक लगाकर कोहली से आगे निकले बेयरस्टो
इंग्लैंड के ओपनर जॉनी बेयरस्टो ने दूसरे वनडे में शानदार शतक जड़ा। उन्होंने पारी के 31वें ओवर की पहली ही गेंद पर सिक्स लगाया और अपनी सेंचुरी पूरी की। बेयरस्टो के करियर का यह 11वां शतक रहा और उन्होंने वनडे की सबसे कम पारियों में 11 शतक बनाने के मामले में टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) को पीछे छोड़ दिया। बेयरस्टो ने 11 वनडे शतक बनाने के लिए 78 पारियां खेलीं जबकि विराट कोहली ने 82 पारियों में 11 वनडे सेंचुरी पूरी की थीं। इस मामले में दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला टॉप पर हैं जिन्होंने 64 पारियों में ही 11 वनडे शतक पूरे कर लिए थे। उनके बाद क्विंटन डि कॉक (65 पारियां) और पाकिस्तान के बाबर आजम (71 पारियां) का नंबर आता है।

तीसरे नंबर पर कोहली ने बनाए 10000 प्लस रन : भारतीय कप्तान विराट कोहली ने दूसरे वनडे में एक और रिकॉर्ड (Record) अपने नाम किया। उन्होंने इस फॉर्मेट (Formet) में तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए अपने 10 हजार रन पूरे किए। वो ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग (Rinky Ponting) के बाद ऐसा करने वाले दूसरे खिलाड़ी हैं। पोंटिंग के वनडे में तीन नंबर पर सबसे ज्यादा 12662 रन हैं। उन्होंने 335 पारियों में इतने रन बनाए हैं। इस दौरान पोंटिंग ने 29 शतक भी लगाए हैं। वहीं, कोहली ने 192 मैच में 10 हजार रन पूरे किए। उनके अब 10046 रन हो गए हैं।

कुलदीप यादव को लगे आठ छक्के : कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) ने दूसरे वनडे मैच में 10 ओवर में 84 रन दिए। उन्होंने पिछले दो मैच में 19 ओवर में 152 रन दिए हैं और एक भी विकेट लेने में असफल रहे हैं। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने कुलदीप यादव की गेंद पर 8 छक्के लगाए। वे 2011 के बाद से वनडे में सबसे ज्यादा छक्के देने वाले भारतीय गेंदबाज बन गए। इससे पहले 2013 में विनय कुमार ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में 7 छक्के दिए थे।


कोहली ने ग्रीम स्मिथ को पछाड़ा : विराट कोहली ने कप्तान के रूप में सर्वाधिक वनडे रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ को पीछे छोड़ दिया है। कप्तान के रूप में 150 वनडे मैचों में ग्रीम स्मिथ के 5416 रनों को पार करने के लिए विराट कोहली को 41 रनों की आवश्यकता थी। विराट कोहली ने दूसरे वनडे में अर्धशतक जड़कर इस मुकाम को हासिल किया।

लगातार 5वें वनडे में भारत ने बनाया 300 प्लस स्कोर : भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ पुणे में हुए दूसरे वनडे में 6 विकेट खोकर 336 रन बनाए। भारत ने लगातार पांचवें वनडे में 300 से ज्यादा रन बनाने का कारनामा किया है। वनडे में टीम इंडिया ने दूसरी बार ये उपलब्धि हासिल की है। इससे पहले 2017 में भी टीम इंडिया ने ऐसा किया था।

आदिल राशिद ने 9वीं बार विराट को बनाया शिकार : आदिल राशिद अब विराट के खिलाफ दूसरे सबसे सफल गेंदबाज बन गए हैं। न्यूजीलैंड के पेसर टिम साउदी ने विराट को सबसे ज्यादा 10 बार आउट किया है। राशिद ने विराट को 9 बार जबकि इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन ने भारत की रन-मशीन को 8 बार शिकार बनाया है।


मैच में लगे कुल 34 छक्के : इस मैच में भारत और इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने 34 छक्के लगाए। इसमें इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने 20 जबकि भारतीय बल्लेबाजों ने 14 बार गेंद को स्टेडियम पहुंचाया। एक पारी में इंग्लैंड के बल्लेबाजों द्वारा भारत के खिलाफ लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इससे पहले 2019 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने 13 छक्के लगाए थे। इसके अलावा इंग्लैंड की टीम ने दक्षिण अफ्रीका द्वारा 2015 में लगाए गए 20 छक्कों की बराबरी भी की। वनडे क्रिकेट में इससे पहले एक मैच में इतने ज्यादा छक्के सिर्फ दो बार ही लगे हैं।

कोहली ने 7वीं बार किया ये कारनामा : विराट कोहली ने अपने करियर का 62वां अर्धशतक लगाया। विराट कोहली ने वनडे की अपनी पिछली चार पारियों में 89, 63, 56 और 66 का स्कोर किया है। करियर में यह सातवीं बार है जब कोहली ने लगातार चार मैचों में पचास या उससे ज्यादा का स्कोर किया हो।

बेयरस्टो-रॉय ने इंग्लैंड के लिए सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारी की
इंग्लैंड के ओपनर जेसन रॉय और जॉनी बेयरस्टो ने भारत के खिलाफ लगातार दूसरे मैच में 100 प्लस रन की साझेदरी की। इंग्लैंड के लिए इन दोनों बल्लेबाजों ने 47 पारियों में सबसे ज्यादा 13वीं बार शतकीय साझेदारी निभाई। इससे पहले यह रिकॉर्ड ऑयन मॉर्गन और जो रूट के नाम था जिन्होंने वनडे मैचों में 12 बार ये कारनामा किया है।

Share:

Next Post

राजस्थान विधानसभा उपचुनाव : कांग्रेस आज घोषित कर सकती है प्रत्याशियों के नाम

Sat Mar 27 , 2021
जयपुर। राजस्थान (Rajasthan) में विधानसभा (Assembly) की 3 सीटों पर उपचुनाव (by-Election) होने हैं। इन सीटों पर चुनाव आयोग द्वारा पूरी तैयारी कर ली गई है। राजनीतिक दलों द्वारा भी प्रचार प्रसार का दौर शुरू हो गया है। जीत हार के समीकरण बनने लगे हैं। लेकिन सत्ताधारी दल कांग्रेस द्वारा अब तक प्रत्याशियां के नाम […]