
इन्दौर। इंदौर से शारजाह के बीच 28 फरवरी से बंद एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट 5 अप्रैल से दोबारा शुरू हो सकती है। एयरलाइंस ने इसके लिए अपनी वेबसाइट पर बुकिंग शुरू कर दी है। इस फ्लाइट का संचालन सप्ताह में 4 दिन किया जाएगा। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि अमेरिका-ईरान के बीच चल रहे युद्ध के कारण इस फ्लाइट का संचालन और आगे बढ़ सकता है।
उल्लेखनीय है कि युद्ध के बीच ईरान द्वारा यूएई के कई शहरों पर हमले किए जाने के बाद 28 फरवरी से ही यूएई के अधिकांश शहरों से भारत सहित अन्य देशों की उड़ानों को पहले बंद कर दिया गया था और बाद में इन्हें सीमित संख्या में चलाया जा रहा है। इसके कारण 28 फरवरी से ही इंदौर से शारजाह जाकर वापस आने वाली फ्लाइट का संचालन बंद है। इस कारण इस फ्लाइट से सफर करने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यूएई जाने और आने वाले यात्रियों को दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों से होकर अपना सफर पूरा करना पड़ रहा है। लेकिन अब एयर इंडिया एक्सप्रेस इस फ्लाइट को दोबारा शुरू करने की तैयारी में नजर आ रही है। कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर 5 अप्रैल से इस फ्लाइट की बुकिंग खोल दी है। पहले नियमित चलने वाली इस फ्लाइट का संचालन अब सप्ताह में चार दिन सोम, बुध, शुक्र और रविवार को किया जाएगा।
बुकिंग शुरू लेकिन फ्लाइट चलना मुश्किल
ट्रेवल एक्सपट्र्स के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 5 अप्रैल से इंदौर से शारजाह के बीच फ्लाइट की बुकिंग जरूर शुरू कर दी है, लेकिन अगर तब तक हालात ठीक नहीं हुए तो इस फ्लाइट का चलना मुश्किल है, क्योंकि अभी भी भारत से यूएई के बीच बहुत सीमित संख्या में उड़ानों का संचालन हो रहा है। ये उड़ानें दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद, बेंगलुरु, कोच्चि जैसे शहरों तक ही संचालित हो रही हैं। इनमें भी ज्यादातर उड़ानें नियमित के बजाय नॉन-शेड्यूल हैं।
यात्री मिलना भी मुश्किल
ट्रेवल एजेंट्स की मानें तो एयर इंडिया एक्सप्रेस इस फ्लाइट को दोबारा शुरू करती भी है तो जाने वाले यात्रियों का मिलना मुश्किल नजर आ रहा है, क्योंकि इस फ्लाइट से जाने वाले ज्यादातर यात्री पर्यटक होते हैं, जो यूएई घूमने जाते हैं, लेकिन इस समय युद्ध की स्थिति के चलते पर्यटक यूएई सहित युद्ध प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बच रहे हैं। वहीं गर्मियों में यहां जाने वाले यात्रियों की संख्या वैसे भी कम हो जाती है। ऐसी स्थिति में यात्रियों की कमी को देखते हुए भी कंपनी इस फ्लाइट का संचालन आगे बढ़ा सकती है। इससे पहले भी कंपनी ने 29 मार्च से इस फ्लाइट की बुकिंग शुरू की थी, लेकिन उसे आगे बढ़ाते हुए अब 5 अप्रैल कर दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved