
कभी भी भोपाल से हो सकती है घोषणा, कांग्रेस छोड़ आए थे भाजपा में
इंदौर। इंदौर भाजपा (Indore BJP) के 7 मोर्चों में से केवल अल्पसंख्यक मोर्चे (minority front) की घोषणा बाकी है और माना जा रहा है कि इसके लिए भोपाल से कभी भी शेख असलम (sheikh aslam) के नाम की घोषणा हो सकती है। असलम काफी समय पहले कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे। असलम के भाई शेख अलीम को भी प्रदेश कांग्र्रेस में अल्पसंख्यक विभाग का अध्यक्ष बनाया गया है।
भाजपा के युवा, महिला, किसान, अजा, पिछड़ा और अजजा मोर्चे की घोषणा हो चुकी है। अब सभी मोर्चे की नगर और मंडल स्तर की कार्यकारिणी घोषित होना है, जिसके नामों को लेकर मंथन चल रहा है। भाजपा ने अल्पसंख्यक मोर्चे को एक तरह से ठंडे बस्ते में डाल रखा है। पार्टी के कुछ नेताओं का ही दबी जुबान में मानना है कि अल्पसंख्यक मोर्चे की इतनी महत्ता नहीं होती और जब चुनाव में वोटिंग की बारी आती है तो मोर्चा अपनी भूमिका ईमानदारी से नहीं निभा पाता। परिणामस्वरूप भाजपा अल्पसंख्यक इलाकों से हार जाती है। इसके बाद ही अल्पसंख्यक इलाकों में ऐसे मुस्लिम नेता की तलाश है, जो पार्टी को ताकत दे सके, लेकिन पार्टी के पास ऐसा कोई मजबूत नाम नहीं है। इस बीच इंदौर नगर के अल्पसंख्यक मोर्चे के अध्यक्ष के लिए शेख असलम, साजिद रॉयल, रेहान शेख, महफूज पठान जैसे नाम सामने हैं, लेकिन भोपाल में असलम का नाम फाइनली तौर पर सामने आ रहा है। असलम ने जिस तरह से भोपाल में अपनी बिसात जमाई है, वैसी दूसरे नेता नहीं कर पाए और अब किसी भी दिन असलम के नाम की घोषणा की जा सकती है। असलम के भाई शेख अलीम प्रदेश स्तर पर कांगे्रस अल्पसंख्यक विभाग के अध्यक्ष हैं। असलम को अध्यक्ष बनाया जाता है तो दोनों भाइयों के बीच मुस्लिम इलाकों में प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी, जिसका किस पार्टी को फायदा होगा, यह तो वक्त ही बताएगा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved