मुंबई। महाराष्ट्र के बुलढाणा से शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ (Sanjay Gaikwad) के एक बयान ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई बहस छेड़ दी है। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए करीब 35 करोड़ रुपये का “कमीशन” छोड़ दिया, जिससे कई कार्यकर्ता अब साइकिल से उतरकर लग्जरी कारों में घूम रहे हैं।
गायकवाड़ यह बयान चिखली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दे रहे थे, जहां विभिन्न दलों के लगभग 600 कार्यकर्ताओं को शिवसेना में शामिल कराया गया। उन्होंने कहा कि वह अपनी ताकत का इस्तेमाल लोगों को परेशान करने के बजाय कार्यकर्ताओं को मजबूत बनाने के लिए करते हैं।
उन्होंने कहा, “जो कार्यकर्ता पहले मेरे साथ साइकिल पर चलते थे, वे अब फॉर्च्यूनर में घूम रहे हैं। मैंने करीब 35 करोड़ रुपये का कमीशन छोड़ दिया। जब आप मजबूत होंगे, तभी मैं भी मजबूत बनूंगा।”
इसी साल उन्होंने राहुल गांधी की जुबान काटने वाले को इनाम देने का कथित बयान दिया था, जिस पर भी विवाद हुआ था। इसके अलावा एक वायरल वीडियो में वह कथित तौर पर पुलिस की लाठी से लोगों को पीटते नजर आए थे, जबकि एक अन्य वीडियो में पुलिसकर्मी उनके वाहन को साफ करते दिखे थे, जिसे लेकर भी आलोचना हुई थी।
ताजा बयान के बाद एक बार फिर राजनीतिक गलियारों में उनके दावे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved