
जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के सांगठनिक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए जबलपुर के सक्रिय नेता श्रीकांत साहू को प्रदेश सह मीडिया प्रभारी नियुक्त किया गया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति मिलने के बाद प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने आधिकारिक रूप से प्रदेश मीडिया टीम की घोषणा की। इस नई टीम में जबलपुर से श्रीकांत साहू का नाम प्रमुखता से शामिल किया गया है, जो उनके दीर्घकालिक राजनीतिक अनुभव और कार्यकुशलता को दर्शाता है। श्रीकांत साहू इससे पूर्व जबलपुर महानगर में जिला मीडिया प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके पिछले कार्यकाल के दौरान मीडिया प्रबंधन और सूचनाओं के सटीक संप्रेषण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है, जिसे देखते हुए संगठन ने उन्हें अब प्रदेश स्तर पर बड़ी भूमिका सौंपी है।
वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दी बधाई
इस महत्वपूर्ण नियुक्ति की सूचना मिलते ही जबलपुर सहित पूरे प्रदेश के भाजपा खेमे में हर्ष की लहर दौड़ गई। प्रदेश सह मीडिया प्रभारी मनोनीत होने पर प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष रत्नेश सोनकर ने उन्हें बधाई दी है। ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि और सांसद आशीष दुबे ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे संगठन के लिए हितकारी बताया। इसके साथ ही विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह और संतोष बरकडे ने भी श्रीकांत साहू की नई जिम्मेदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन और महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी पराँजपे ने इसे एक योग्य कार्यकर्ता का सम्मान बताया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved