
सिंगापुर। सिंगापुर सरकार (Singapore Government) ने सोशल मीडिया साइट्स (Social Media Sites) पर मौजूद भारतीय समुदाय विरोधी सामग्री के खिलाफ ऐक्शन लिया है। स्थानीय सरकार ने ऑनलाइन क्रिमिनल हार्म्स एक्ट (Online Criminal Harms Act- OCHA) का उपयोग करते हुए यूट्यूब, फेसबुक और एक्स को निर्देश दिए हैं कि भारतीय समुदाय के विरोध में चल रही इन पोस्ट्स और वीडियो को तुरंत हटाया जाए। इतना ही नहीं सरकार ने आगे से भी इसका ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, भारतीय समुदाय के खिलाफ यह पोस्ट चीन से निकली हुई हैं, जो चीनी प्लेटफॉर्म्स से होती हुईं सिंगापुर के लोगों के पास पहुंची हैं।
सिंगापुर सरकार ने इसे उनके देश के बहुनस्लीय मॉडल को कमजोर करने का एक अमानवीय प्रयास करार दिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सिंगापुर में मौजूद भारतीय समुदाय के विरुद्ध स्थानीय लोगों की भावनाएं भड़काने के लिए लगातार ऑनलाइन सामग्री पोस्ट की जा रही है। चीन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स से लगातार ऐसी वीडियो और फोटोस सामने आ रही हैं, जिनमें दावा किया जा रहा है कि सिंगापुर में भारतीयों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इतना ही नहीं चीनी यूजर्स ने कुछ इलाकों की तस्वीरें निकालकर उन्हें बढ़ा-चढ़ाकर दिखाया है कि हिंदू धर्म पूरी तरह से सिंगापुर पर हावी हो रहा है।
इतना ही नहीं चीनी सोशल मीडिया से आई इन पोस्ट्स में यह भी दावा किया जा रहा है कि सिंगापुर के प्रशासनिक क्षेत्र में सबसे ज्यादा भारतीय मूल के लोग ही मौजूद हैं। इसके साथ ही स्थानीय मलय समुदाय को चेतावनी दी गई है कि अगर वह ध्यान नहीं देते हैं तो आने वाले समय में सिंगापुर में भारतीयों का ही कब्जा हो जाएगा।
हम अपने बहु नस्लीय मॉडल की रक्षा करेंगे: सिंगापुर के उप गृहमंत्री
चीनी सोशल मीडिया से आ रहे इस तरीके की भड़काऊ सामग्री को सिंगापुर सरकार ने गंभीरता से लिया है। सिंगापुर के उप गृहमंत्री एडविन टोंग ने जोर देकर कहा कि राज्य अपनी संप्रभु सामाजिक संरचना की रक्षा के लिए कुछ भी करने को तैयार है। यह किसी बाहरी ताकत द्वारा खराब नहीं की जा सकती है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सिंगापुर सरकार अपनी बहु नस्ली पहचान पर गर्व करता है और यहां प्रत्येक समुदाय और समाज को समान दृष्टि से देखा जाता है। स्थानीय सरकार ने पुष्टि की है वह डिजिटल खतरों को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाए हुए हैं।
बता दें, यह पूरा मामला करीब 14 सोशल मीडिया पोस्ट्स और वीडियो से जुड़ा हुआ है। इन पोस्टों में भारतीय समुदाय के प्रति भड़काऊ बातें की गई हैं। फिलहाल सिंगापुर सरकार ने कानून का उपयोग करते हुए यूट्यूब, एक्स और फेसबुक से इन सभी पोस्ट्स को सिंगापुर के यूजर्स के लिए बैन करवा दिया है। इसके साथ ही सरकार ने सिंगापुरवासियों को भी डिजिटल सतर्कता बनाए रखने का आह्वान किया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved