ब्रसेल्स। अंतरराष्ट्रीय बैठकों (international meetings) में अक्सर देशों के बीच कूटनीतिक औपचारिकताएं देखने को मिलती हैं, लेकिन यूरोपीय संघ (EU) के एक शिखर सम्मेलन के दौरान ऐसा नजारा सामने आया, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। यहां स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको (Robert Fico) इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का हैंडबैग उठाए नजर आए। इस दौरान मेलोनी मुस्कुराती दिखाई दीं। दोनों नेताओं की इस सहज मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।
दरअसल, बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स में गुरुवार को यूरोपीय परिषद की बैठक आयोजित की गई थी। इसमें यूरोपीय देशों के कई राष्ट्राध्यक्षों और प्रधानमंत्रियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान स्लोवाकिया के प्रधानमंत्री रॉबर्ट फिको ने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी का हैंडबैग उठाकर उनकी मदद की। इस अप्रत्याशित पल ने सम्मेलन की औपचारिकता के बीच लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
सोशल मीडिया पर साझा की तस्वीर
रॉबर्ट फिको ने इस घटना की तस्वीरें खुद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर साझा कीं। इनमें एक तस्वीर में वह मेलोनी का हैंडबैग पकड़े दिखाई दे रहे हैं। फिको ने इस पूरे घटनाक्रम को यूरोपीय सहयोग का व्यावहारिक पहलू बताया। उन्होंने कहा कि कभी-कभी सहयोग का मतलब किसी सहकर्मी को उसका सामान उठाने में मदद करना भी होता है।
फिको ने अपने बयान में ब्रसेल्स में हुई बैठक का जिक्र करते हुए बताया कि इसमें क्षेत्रीय असमानताओं को कम करने के उद्देश्य से चर्चा की गई। इसके बाद यूरोजोन शिखर सम्मेलन भी आयोजित हुआ, जिसमें वर्ष 2028 से 2034 तक के यूरोपीय संघ के बजट पर विचार-विमर्श किया जा रहा है।
हल्के-फुल्के अंदाज ने खींचा ध्यान
बैठक के दौरान मेलोनी और फिको के बीच यह सहज पल कैमरे में कैद हो गया। सोशल मीडिया पर लोग दोनों नेताओं के इस अंदाज को सराह रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय राजनीति की गंभीर बैठकों के बीच सामने आया यह दृश्य नेताओं के आपसी सौहार्द और सहयोग की एक अलग तस्वीर पेश करता है। उल्लेखनीय है कि जॉर्जिया मेलोनी अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों के दौरान अपने अंदाज और प्रतिक्रियाओं को लेकर पहले भी चर्चा में रह चुकी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved