
इन्दौर। प्रोफेसर कॉलोनी के खाली प्लाटों के आसपास और सडक़ किनारे तक कब्जे हटाने का अभियान करीब 5 माह पहले निगम ने चलाया था। उसके बाद फिर वहां कब्जे हो गए थे, जिन्हें आज फिर हटाया गया। वहां कई गलियों में सडक़ें गंदी और कचरे से पाट दी गई थीं। कई निगमकर्मी रूमाल और मास्क लगाकर बमुश्किल कार्रवाई करते रहे।
पिछली कार्रवाई के दौरान खूब हंगामा करने वाले लोगों से निपटने के लिए आज नगर निगम का रिमूवल अमला पूरी तैयारियों के साथ वहां पहुंचा था और सर्वाधिक महिला पुलिस बल भी साथ में था, क्योंकि पिछली बार पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं ने भी न केवल हंगामा किया था, बल्कि सडक़ पर आकर चक्काजाम कर दिया था। कई महिला बाउंसरों की पिटाई कर दी थी। आज सुबह निगम का अमला प्रोफेसर कॉलोनी में पहुंचा और मुनादी कर रहवासियों से मकान खाली करने को कहा।
इस बार अमला देख झुग्गीवासी भी भयभीत हो गए थे और बिना हंगामा किए सामान हटाना शुरू कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक करीब 5 से 7 झोपडिय़ां सडक़ किनारे और खाली प्लाटों पर बना ली गई थीं, जिन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है। कई लोगों ने वहां सडक़ तक कब्जे कर लिए थे और गली बंद कर दी थी। गलियों में कचरे का अंबार और गंदगी फैली हुई थी, जिसके कारण कई कर्मचारी परेशान भी हुए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved