
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता स्मृति ईरानी (Former Union Minister Smriti Irani) ने लुटियंस दिल्ली (Lutyens Delhi) में 28 तुगलक क्रीसेंट स्थित अपना सरकारी बंगला खाली कर दिया है। अधिकारियों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। हाल ही में लोकसभा चुनाव में उन्हें उत्तर प्रदेश की अमेठी सीट पर हार का सामना करना पड़ा था। उन्हें कांग्रेस के नेता किशोरी लाल शर्मा ने डेढ़ लाख से ज्यादा मतों से हराया था।
ईरानी ने इस हफ्ते की शुरुआत में बंगला खाली कर दिया था। यह बंगला पिछले दस साल से उनका आशियाना था। अब इस बंगले से ईरानी की नेम प्लेट भी हट गई है। हालांकि, केवल स्मृति ईरानी को ही नहीं बल्कि चुनाव हारने वाले सभी सांसदों को 11 जुलाई तक सरकारी बंगले खाली करने थे।
एक अधिकारी ने कहा, ईरानी ने इस हफ्ते की शुरुआत में अपना आधिकारिक आवास खाली कर दिया। उन्होंने कहा कि नई सरकार के गठन के बाद पूर्व मंत्रियों और सांसदों को एक महीने के भीतर अपने सरकारी आवास खाली करने होंगे। 2024 के आम चुनाव में स्मृति ईरानी को करीब 3 लाख 72 हजार मत मिले, जबकि कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा को 5 लाख 39 हजार मत मिले।
किशोरी लाल शर्मा को कांग्रेस ने पहली बार लोकसभा चुनाव के मैदान में उतारा था। चुनाव से पहले ईरानी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अमेठी से चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। लेकिन कांग्रेस ने पार्टी के कार्यकर्ता किशोरी लाल को अमेठी से टिकट दिया। जबकि, राहुल गांधी ने रायबरेली से चुनाव लड़ा था। इससे पहले ईरानी ने 2019 में कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अमेठी में हरा दिया था। हालांकि, उस चुनाव में राहुल गांधी को केरल की वायनाड सीट पर जीत मिली। गांधी ने वायनाड और अमेठी दोनों सीटों पर चुनाव लड़ा था।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved