
विजयनगरम। आंध्रप्रदेश के विजयनगरम (Vizianagaram, Andhra Pradesh) जिले के कुरुपम में जहरीले सांप के काटने से 1 स्कूली बच्चे (School student) की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य बच्चों का इलाज चल रहा है। ये तीनों ही बच्चे 8वीं कक्षा में पढ़ने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, कुरुपम विजयनगरम के ज्योति बा फुले पिछड़ा वर्ग कल्याण आवासीय स्कूल में घटना हुई है, आधी रात को जब बच्चे स्कूल के छात्रावास में सो रहे थे, तभी उन्हें जहरीले सांप ने काटा, इससे अफरा-तफरी मच गई। बच्चों के नाम रंजीत कुमार, वमसी और नवीन बताए गए हैं। तीनों एक ही छात्रावास में रहते हैं, जहां यह घटना हुई।
सांप के काटने के तुरंत बाद विद्यालय-प्रबंधन ने तीनों छात्रों को पहले पार्वतीपुरम के अस्पताल में भर्ती कराया. वहां से उनको विजयनगरम के तिरुमला अस्पताल (Tirumala Hospital, Vizianagaram) भेज दिया गया। इसी बीच, उपमुख्यमंत्री और आदिवासी कल्याण मंत्री पुष्पा श्रीवानी (Deputy CM Pushpa Srivani) ने अस्पताल पहुंचकर बच्चों के हालात का जायजा लिया। उन्हें विजाग (Visakhapatnam) के केजी हॉस्पिटल भेजने का बंदोबस्त कराया. वहां इलाज के दौरान एम रंजीत कुमार को बचाया नहीं जा सका. वहीं, दो में से एक अन्य बच्चे की हालत गंभीर बनी हुई है. उसे वेंटिलेटर (Ventilator) पर रखा गया है. जबकि तीसरे की हालत स्थिर बताई जाती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved