
भाजपा के राष्ट्रीय और प्रदेश पदाधिकारी 10 मार्च को आएंगे इंदौर
इंदौर। भाजपा (BJP) के पदाधिकारियों (office bearers) को ट्रेनिंग (training) देने के लिए वक्ताओं (speakers) की सूची तैयार की जा रही है। इन वक्ताओं को राष्ट्रीय और प्रदेश स्तर के पदाधिकारी ट्रेनिंग देंगे। 10 मार्च को इन्दौर (Indore) में 18 जिलों के वक्ता भाग ले रहे हैं। हर जिले से 20 वक्ताओं का चयन किया गया है
भाजपा समय-समय पर अपने आपको मजबूत करने और नए सदस्यों तथा पदाधिकारियों को पार्टी की विचारधारा के साथ जोडक़र उन्हें प्रशिक्षित करने का काम करती है। भाजपा में यह प्रक्रिया लंबे समय से चली आ रही है। भोपाल में हुई बैठक के बाद अब जिला और मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित करने की तैयारी हैं, लेकिन उसके पहले इंदौर में बड़े स्तर पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रत्येक जिले से संगठन की रचना के अनुसार 20-20 वक्ताओं के नाम मांगे गए थे। इंदौर में संगठन की दृष्टि से बनाए गए 4 संभागों के 18 जिलों के वक्ताओं की ट्रेनिंग होना है। 10 मार्च को गुजराती इनोवेटिव स्कूल में ट्रेनिंग के विभिन्न सत्र रखे गए हैं। ट्रेनिंग देने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री शिवप्रकाश, क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश प्रभारी महेन्द्रसिंह, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ-साथ राष्ट्रीय टीम के ओर से प्रशिक्षण प्रभारी बनाए गए के.सी. पटेल मौजूद रहेंगे। इनके अलावा संभाग प्रभारी रणवीरसिंह रावत, सुरेन्द्र शर्मा सहित उज्जैन और मंदसौर संभाग के प्रभारी भी ट्रेनिंग में भाग लेने आएंगे। इन वक्ताओं की पहले आज भोपाल में ही ट्रेनिंग होने वाली थी, लेकिन स्थान और तारीख में परिवर्तन कर इंदौर में ही ट्रेनिंग सत्र आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। ट्रेनिंग के बाद इन वक्ताओं को जिलों में भाजपा के पदाधिकारियों को ट्रेनिंग देने भेजा जाएगा, वहीं कुछ वक्ताओं को संभाग के दूसरे जिलों में भी भेजा जा सकता है।