भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी के लिए खींचतान!

  • राजधानी में पंचायत चुनाव परिणामों की घोषणा
  • जनपद अध्यक्ष फंदा की कुर्सी पर भाजपा का दबदबा, बैरसिया में निर्णायक साबित होंगे निर्दलीय

भोपाल। जिला पंचायत भोपाल में हुए पंचायत चुनाव में पंच, सरपंच प्रत्याशी और जिला एवं जनपद पंचायत सदस्यों के मतदान परिणामों की घोषणा गुरुवार को कर दी गई है। भोपाल के ओल्ड कैंपियन स्कूल में फंदा विकास खंड की 96 ग्राम पंचायतों के सरपंच और 25 जनपद सदस्यों को एसडीएम आकाश श्रीवास्तव एवं तहसीलदार चंद्रशेखर श्रीवास्तव द्वारा प्रमाण पत्र वितरित किए गए। तो वहीं बैरसिया विकास खंड की 126 ग्राम पंचायत के सरपंच और 25 जनपद सदस्यों को बैरसिया एसडीएम आदित्य जैन ने प्रमाण पत्र वितरित किए हैं। वहीं जिला पंचायत सदस्य के 10 वार्ड में जीते हुए प्रत्याशियों को शुक्रवार को कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश लवानिया प्रमाण पत्र वितरित करेंगे। भोपाल जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत में परिणामों की घोषणा के बाद अब जनपद और जिलाध्यक्ष की कुर्सी के लिए भाजपा एवं कांग्रेस में जोड़- तोड़ शुरू हो गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए कांग्रेस और भाजपा में खींचतान चल रही है।

जिला पंचायत के 10 वार्ड में कांग्रेस आठ जीतने वालों पर अपना दावा कर रही है तो वहीं भाजपा ने पांच जीते हुए सदस्यों को अपना कार्यकर्ता बताया है। हालांकि यह चुनाव दलगत नहीं हुए थे। अब दोनों ही दल अपने संगठन से जुड़े विजेता को अध्यक्ष बनाने के लिए लगातार जिला पंचायत सदस्यों के संपर्क में है। इस बार जिला पंचायत अध्यक्ष का पद अनारक्षित महिला के आरक्षित है।

जनपद पंचायत फंदा में भाजपा के 13 प्रत्याशी समर्थक
जनपद पंचायत फंदा के 25 वार्ड में जीते हुए प्रत्याशियों में 13 भाजपा समर्थक हैं तो कांग्रेस के छह समर्थक हैं। वहीं अन्य छह सदस्यों ने अभी अपना समर्थन स्पष्ट नहीं किया है। अध्यक्ष का पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित है। पूर्व जनपद अध्यक्ष आरती यादव ने वार्ड 15 से 65 मतों से जीत हासिल की है। भाजपा से फंदा अध्यक्ष की कुर्सी की दावेदारी वार्ड दो से 522 मतों से जीते प्रमोद राजपूत की बताई जा रही है।


बैरसिया जनपद अध्यक्ष पद के लिए होगी कड़ी टक्कर
बैरसिया जनपद पंचायत के 25 वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के लगभग बराबर प्रत्याशी जीतकर आए हैं। इनमें 13 कांग्रेस तो 10 भाजपा के समर्थक बताए जा रहे हैं। जबकि दो निर्दलीय प्रत्याशी हैं। अब इन दो पर ही पार्टियों की नजर बनी हुई है। यह जिस पार्टी को समर्थन देंगे उसकी दावेदारी मजबूत हो जाएगी। ऐसे में बैरसिया में जनपद अध्यक्ष के लिए कड़ी टक्कर होने की उम्मीद है। यहां अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला के लिए आरक्षित किया गया है। यहां भाजपा की तरफ से लता गुर्जर, मंजू शर्मा दावेदारी कर रही हैं। तो वहीं कांग्रेस की तरफ से किंता बाई, रमा बाई, अनु सिंह दावेदारी कर रही हैं।

सबसे कम मतों से जीतने वाले जनपद सदस्य
जनपद पंचायत बैरसिया के वार्ड 15 से शाजिया खान सबसे कम आठ मतों सेे जीती हैं। उनके अलावा वार्ड नंबर 10 से निर्दलीय रतन सिंह 12, वार्ड नंबर नौ से रमा गुर्जर 18, वार्ड 24 से पुष्पा जाट ने 23 मतों से जीत हासिल की है। वहीं फंदा में वार्ड नंबर 11 से ओमप्रकाश ने 26 मतों से जीत हासिल की है। जबकि वार्ड नंबर एक से सरस्वती विश्वकर्मा ने 2078 मतों से बड़ी जीत हासिल की है। वहीं जनपद सदस्यों में फंदा के वार्ड 12 से बालचंद्र निर्विरोध चुने गए थे।

Share:

Next Post

चारधाम मंदिर में हुई भागवत

Fri Jul 15 , 2022
उज्जैन। चारधाम मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत आयोजित श्रीमद भागवत कथा का समापन गुरुपूर्णिमा पर हुआ। इस दौरान भक्तों को गुरु मंत्र की दीक्षा दी गई। कथा प्रवक्ता स्वामी शांति स्वरूपा नंदगिरीजी द्वारा 6 से 13 जुलाई तक भागवत कथा का वाचन किया गया। चारधाम मंदिर के कोषाध्यक्ष एवं ट्रस्टी अशोक प्रजापत ने […]