देश

डूबा बार्ज पी-305 जहाज: यदि कैप्टन ने चेतावनी मान ली होती तो बच जाती 49 लोगों की जान

मुंबई। मुंबई के अपतटीय क्षेत्र में चक्रवात ताउते (Cyclone Tauktae) के दौरान डूबे बार्ज पी-305(Barge P-305) के मुख्य इंजीनियर रहमान शेख (Chief Engineer Rehman Sheikh)ने आरोप लगाया कि बार्ज (Barge) के कैप्टन ने चक्रवात की चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया, जिस वजह से चालक दल के कम से कम 49 सदस्यों की मौत हो गई। रहमान ने बार्ज की समुद्री यात्रा के योग्य होने पर भी सवाल किया है।
‘पी-305’ बार्ज सोमवार शाम को अरब सागर(Arabian Sea) में डूब गया था। इस पर सरकारी कंपनी ओएनजीसी के अपटतीय तेल खनन प्लेटफॉर्म के रखरखाव के काम में लगे कर्मी मौजूद थे। शेख इस दुर्घटना में घायल हो गए थे। उन्होंने स्वस्थ होने के बाद एक वीडियो में कहा कि कैप्टन बलविंदर सिंह ने जोर दिया कि हवा की रफ्तार बहुत तेज नहीं होगी और चक्रवात सिर्फ एक घंटे रुकेगा।
यह वीडियो शेख के भाई आलम ने शूट किया है। आलम ने यह वीडियो साझा किया है जिसमें शेख ने कहा है, “ कैप्टन ने कहा कि हवा की गति 75 किलोमीटर प्रतिघंटा से अधिक नहीं होगी। यह 11 बजे शुरू होगा और 12 बजे खत्म हो जाएगा। यह पूरी घटना कैप्टन और ग्राहक (क्लाइंट) की वजह से हुई है।” बलविंदर सिंह उन 26 लोगों में शामिल हैं जो अब भी लापता हैं।



बताया जाता है कि वह जीवन रक्षक जैकेट के बिना ही समंदर में कूद गए थे। रहमान को भी 24 घंटे में पानी में रहना पड़ा और फिर नौसेना ने उन्हें बचाया। बार्ज पर 261 लोग मौजूद थे।
बार्ज पी-305 पर मौजूद 261 लोगों में 186 लोगों की जान बचा ली गई है। 26 लोग अब भी लापता हैं और उन्हें खोजने के लिए नौसेना और तटरक्षक बल का तलाश एवं बचाव अभियान जारी है। एक अधिकारी ने बताया कि बेहद खराब मौसम से जूझते हुए नौसेना के जवानों ने अब तक 186 को बचा लिया है। नौसेना के पोत तथा विमान पी305 पर मौजूद रहे लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। एक अधिकारी ने बताया कि अब लापता लोगों के जीवित मिलने की संभावना बहुत ही कम है।

Share:

Next Post

देश में सबसे ज्यादा बिक रहीं सेकेंड हैंड कारें

Fri May 21 , 2021
नई दिल्ली। कोविड-19 (Cpvod19) की दूसरी लहर से वाहनों की बिक्री प्रभावित हुई है। देश में मार्च की तुलना में अप्रैल महीने में कारों की बिक्री में लगभग 10 फीसदी की गिरावट आई है। वाहन उद्योग संगठन सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्‍युफैक्‍यरर्स (Vehicle Industry Organization Society of Indian Automobile Manufacturers) (सिआम) के बुधवार को जारी […]