मुंबई (Mumbai)। महाराष्ट्र की एकनाथ शिंदे सरकार (एकनाथ शिंदे सरकार) में आदिवासी मामलों के मंत्री विजय कुमार गावित (Vijay Kumar Gavit) अभिनेत्री ऐश्वर्या राय (Aishwarya Rai) पर एक बयान देकर बुरी तरह फंस गए हैं। अब राज्य महिला आयोग ने भाजपा कोटे के मंत्री विजय कुमार गावित से अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन पर की गई टिप्पणी पर स्पष्टीकरण देने को कहा है। आयोग ने मंत्री को नोटिस भेजकर तीन दिन के अंदर जवाब मांगा है।
इससे पहले गावित सोमवार को उस वक्त विवादों में घिर गए जब उन्होंने कहा कि बॉलीवुड अदाकारा ऐश्वर्या राय बच्चन की आंखें इसलिए खूबसूरत हैं, क्योंकि वह नियमित रूप से मछली खाती हैं। जब मंत्री महाराष्ट्र के धुले जिले में एक जनसभा में मछली खाने के फायदे गिना रहे थे, तब वहां खूब ठहाके लग रहे थे। गावित ने अपने भाषण में ये भी कहा कि मछली खाने से औरतें और मर्द चिकने दिखने लगते हैं। उनकी आंखें चमकीली लगती हैं, जिसे कोई भी देख ले तो कायल हो जाए।
68 वर्षीय गावित धुले के अंतरुली में आदिवासी मछुआरों को मछली पकड़ने का सामान वितरित करने आए थे। मंत्री ने ये भी कहा कि मछली खाने से त्वचा में भी निखार आएगा क्योंकि मछली में तेल होता है वह आंखों और त्वचा को काफी फायदा पहुंचाता है। गावित, नंदुरबार से भाजपा विधायक हैं और उत्तरी महाराष्ट्र के एक प्रभावशाली आदिवासी नेता माने जाते हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved