
आठ से ज्यादा धर्मस्थल को लेकर क्षेत्र के रहवासियों से चल रही है बातचीत
इंदौर। इमली बाजार से मरीमाता तक बनाई जा रही सडक़ का काम अब अंतिम दौर में है और 15 दिन में सारा काम पूरा करने का टारगेट रखा गया है। कुछ स्थानों पर नर्मदा और ड्रेनेज के कार्य चल रहे हैं, जो पूरे कर लिए जाएंगे। पूरे मार्ग पर 8 से ज्यादा धर्मस्थल है, जिनके लिए अलग मंदिर कॉम्प्लेक्स भी बना दिया गया है और उनकी शिफ्टिंग के लिए रहवासियों से बातचीत चल रही है।
नगर निगम ने राजबाड़ा से इमली बाजार तक की सडक़ का काम स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत शुरू कराया था, जो गत वर्ष ही पूरा कर लिया गया है, लेकिन इमली बाजार से लेकर सदर बाजार होते हुए मरीमाता तक की सडक़ का काम कई दिनों से उलझन में पड़ा हुआ था। निगम कमिश्नर हर्षिका सिंह ने इस मामले में अफसरों को फटकार लगाकर काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए थे और उसके बाद संबंधित एजेंसी ने अधिकांश स्थानों पर सडक़ का काम पूरा कर लिया है। अब 8 से 10 स्थानों से धर्मस्थल और कुछ अन्य बाधाओं के कारण सडक़ के हिस्से बनाना शेष है। निगम अधिकारियों के मुताबिक 15 दिनों के अंतराल में सडक़ का सारा काम पूरा करने का टारगेट एजेंसी को दिया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved