
डेस्क: भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले गए दूसरे टी20 मुकाबले में रनों का ऐसा सैलाब आया जिसने बैट और बॉल के बीच बराबरी के मुकाबले पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 249 रन बनाए, जिसके जवाब में वेस्टइंडीज ने पहले ही ओवर में दो विकेट खोने के बावजूद कप्तान शे होप के आतिशी शतक की बदौलत 18.3 ओवर में 252 रन बनाकर ऐतिहासिक जीत दर्ज कर ली. इस मैच में 40 से भी कम ओवरों के खेल में दोनों टीमों ने मिलकर कुल 501 रन कूट डाले. इस हाई-स्कोरिंग मैच के बाद भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में रांची की सपाट पिच पर तीखा प्रहार किया.
मैच के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए गौतम गंभीर ने दो टूक शब्दों में कहा कि सिर्फ चौके-छक्कों की नुमाइश को क्रिकेट नहीं कहा जा सकता. गंभीर ने कहा, ‘”क्या आप गेंद और बल्ले के बीच एक अच्छा मुकाबला नहीं देखना चाहते? आप जो चाहते हैं, हम भी वही चाहते हैं. अगर आप केवल चौके और छक्के ही देखना चाहते हैं, तो फिर हम भी वही देखने को तैयार हैं. लेकिन अगर आपको एक बराबरी का मुकाबला चाहिए, तो हमें भी वही चाहिए. ये गेंदबाज हमारे ही गेंदबाज हैं, उनके करियर भी दांव पर लगे हैं. वो इस ड्रेसिंग रूम तक पहुंचने के लिए बहुत कड़ी मेहनत करके आए हैं. ऐसा नहीं है कि उन्होंने पसीना नहीं बहाया. इसलिए अगर गेंद और बल्ले में बराबरी की टक्कर होगी, तभी बेहतर क्रिकेट देखने को मिलेगा.’
आमतौर पर यह माना जाता है कि मैच हारने के बाद टीमें पिच को दोष देती हैं, लेकिन गंभीर का यह रुख किसी एक नतीजे पर निर्भर नहीं रहा है. इस मौजूदा व्हाइट-बॉल सीरीज में यह दूसरा मौका है जब भारतीय कोच ने पिच के व्यवहार को लेकर सवाल खड़े किए हैं. इससे पहले दूसरे वनडे मैच में जब वेस्टइंडीज ने 405 रन बनाए थे और भारत ने शुभमन गिल के दोहरे शतक के दम पर 406 रनों का रिकॉर्ड चेज 8 विकेट बाकी रहते हासिल कर लिया था, तब भी गंभीर खुश नहीं थे.
इस मैच में वेस्टइंडीज की जीत के बाद ये 5 मैचों की टी20 सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है. अूब सीरीज का तीसरा मुकाबला 11 अक्टूबर को खेला जाएगा. इस मुकाबले में दोनों टीमों की नजर सीरीज में बढ़त हासिल करने पर रहने वाली है. वहीं, अब सीरीज के अगले मुकाबलों में यह देखना दिलचस्प होगा कि पिच क्यूरेटर बल्लेबाजों की मददगार हाईवे जैसी पिचों से हटकर गेंदबाजों को भी कोई मौका देते हैं या नहीं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved