img-fluid

राजस्थान के 37 जिलों में कल होगा ग्रामीण सरकार के मुखिया का चुनाव

November 24, 2026


जयपुर । राजस्थान के 37 जिलों में (Across 37 districts of Rajasthan) ग्रामीण सरकार के मुखिया का चुनाव (Elections for Heads of Rural Local Governments) कल होगा (Will be held Tomorrow) ।


  • राजस्थान की ग्रामीण सरकार के मुखिया यानी जिला प्रमुख पद के लिए बुधवार (25 नवंबर 2026) को प्रदेश के 37 जिलों में चुनाव होने जा रहे हैं। इन 37 जिला परिषदों में से 23 पर कांग्रेस और 5 पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को स्पष्ट बहुमत प्राप्त है, जबकि नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी बहुमत में है। वहीं, प्रदेश के 8 जिले ऐसे हैं जहां किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है, जिससे वहां निर्दलीय सदस्य ‘किंगमेकर’ की भूमिका में आ गए हैं। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही प्रमुख दलों ने अभी अपने प्रत्याशियों के पत्ते नहीं खोले हैं; माना जा रहा है कि आज देर रात तक या बुधवार सुबह ऐन वक्त पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी।

    राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, बुधवार सुबह 10:00 बजे सभी जिला परिषदों में नवनिर्वाचित सदस्यों की बैठक प्रारंभ होगी। सुबह 11:00 बजे तक जिला प्रमुख पद के लिए नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) होगी और दोपहर 1:00 बजे तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी के तुरंत बाद चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तक मतदान होगा और मतदान समाप्ति के तत्काल बाद मतगणना कर परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

    इन 8 जिलों में निर्दलीय तय करेंगे जिला प्रमुख: प्रदेश के बालोतरा, बांसवाड़ा, डीडवाना-कुचामन, डीग, डूंगरपुर, खैरथल-तिजारा, प्रतापगढ़ और सलूंबर में किसी भी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत नहीं है। इन जिलों में जोड़तोड़ से ही जिला प्रमुख तय होंगे और भाजपा का सबसे अधिक फोकस इन्हीं सीटों पर है। इसके अतिरिक्त, भाजपा करीब दर्जनभर जिला परिषदों में अल्पमत को बहुमत में बदलने की रणनीति पर काम कर रही है। वहीं, कांग्रेस ने भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिंग, प्रलोभन और पुलिस प्रशासन के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाते हुए भरतपुर से अपने 3 जिला परिषद सदस्यों को उठा ले जाने का आरोप लगाया है।

    पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों में दलबदल विरोधी कानून और पार्टी व्हिप लागू नहीं होता। इसके चलते कोई भी सदस्य क्रॉस वोटिंग या पाला बदलने पर अपनी सदस्यता नहीं खोता। यही कारण है कि कई बार बहुमत न होने के बावजूद कोई दल अपना जिला प्रमुख बनाने में कामयाब हो जाता है, तो कई बार स्पष्ट बहुमत के बावजूद बाजी पलट जाती है।

    चूरू सीट पर प्रदेशभर की नजर: जिला प्रमुख के इस चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं की राजनीतिक प्रतिष्ठा दांव पर लगी है। खासतौर पर चूरू जिला परिषद का चुनाव बेहद दिलचस्प हो गया है, जहां वरिष्ठ भाजपा नेता राजेंद्र राठौड़ की पुत्रवधू कनिका सिंह जिला प्रमुख की प्रमुख दावेदार हैं। चूरू के चुनाव परिणाम को राजेंद्र राठौड़ के सियासी कद और उनके राजनीतिक कमबैक से जोड़कर देखा जा रहा है। दूसरी ओर, नागौर में स्पष्ट बहुमत के साथ आरएलपी का जिला प्रमुख बनना तय माना जा रहा है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved