
वाशिंगटन। इग्नाइटटेक (IgniteTech) कंपनी के CEO एरिक वॉघन (Eric Vaughn) ने 2023 में एक बहुत ही कड़ा फैसला लिया। जब उनके करीब 80% कर्मचारियों ने कंपनी की जबरदस्त AI (Artifical Intelligence- आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) अपनाने की नीति का विरोध किया, तो उन्होंने उन सभी को नौकरी से हटा दिया। वॉघन ने बताया कि यह फैसला बेहद मुश्किल था, लेकिन अगर दोबारा ऐसा हो तो वे फिर वही करेंगे।
AI Monday और कर्मचारियों का गुस्सा
एक खबर के मुताबिक वॉघन ने 2023 की शुरुआत में ही कहा था कि AI कारोबार के लिए एक बड़ा खतरा है। इसके बाद उन्होंने “AI Monday ” शुरू किया, जहां हर सोमवार को कर्मचारियों को सिर्फ AI से जुड़े काम ही करने होते थे। सैकड़ों कर्मचारियों ने इस पूरे बदलाव का विरोध किया। वॉघन ने उन्हें मनाने की बजाय, उनकी जगह नए कर्मचारी लाना चुना।
टेक्निकल एक्सपर्ट्स भी थे पीछे, मार्केटिंग टीम थी आगे
हैरानी की बात यह रही कि सबसे ज्यादा विरोध टेक्निकल स्टाफ ने किया। वॉघन के मुताबिक, इन कर्मचारियों ने AI की सीमाओं को लेकर चिंता जताई, उसकी क्षमताओं को अपनाने से हिचकिचाए। इसके उलट, मार्केटिंग और सेल्स की टीमें नए AI टूल्स और ट्रेनिंग को लेकर ज्यादा खुले दिखे।
ट्रेनिंग पर खर्च किए पैसे, पर विरोध बढ़ा
वॉघन ने कर्मचारियों को AI सिखाने के लिए कंपनी के पेरोल का 20% पैसा भी लगाया। इसमें AI टूल्स पर खर्च की भरपाई और ‘प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग’ जैसी क्लासेस शामिल थीं। लेकिन कई कर्मचारियों ने इसमें बाधा डाली या सीधे मना कर दिया। इसी विरोध के चलते, 12 महीनों में कंपनी के कर्मचारियों का बड़ा हिस्सा बदल गया।
मुनाफा बढ़ा, पर CEO का सुझाव नहीं
2024 तक इस कठिन बदलाव का फायदा दिखने लगा। IgniteTech ने दो नए AI प्रोडक्ट लॉन्च किए जिनके पेटेंट की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने एक बड़ी कंपनी को खरीदा भी और लगभग 75% का ऊंचा मुनाफा (EBITDA) भी कमाया। इससे पता चलता है कि वॉघन का सख्त तरीका कारगर रहा।
एक रिसर्च के मुताबिक, यह समस्या सिर्फ उनकी कंपनी की नहीं है। एक-तिहाई कर्मचारी कंपनी की AI योजनाओं को नुकसान पहुंचाते हैं, और 41% मिलेनियल और जेन-जी कर्मचारी AI लागू होने से बचने की कोशिश करते हैं। हालांकि, कामयाबी मिली, पर वॉघन दूसरे लीडर्स को अपने जैसा बड़ा बदलाव करने की सलाह नहीं देते। उनका कहना है कि यह उनकी पहले से योजना नहीं थी, बल्कि कर्मचारियों के विरोध का नतीजा था।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved