पटना। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव (Tejashwi Prasad Yadav) ने राज्य की एनडीए सरकार (NDA Govt) पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि पिछले दो दशकों से सत्ता में रहने के बावजूद बिहार का समुचित विकास नहीं हो सका। रविवार को जारी बयान में तेजस्वी ने कहा कि हर साल बजट पेश किया जाता है, लेकिन उससे राज्य की जमीनी स्थिति में कोई ठोस बदलाव नहीं आया है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बिहार आज भी देश के सबसे पिछड़े राज्यों में गिना जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में न तो उद्योग-धंधों का विकास हुआ और न ही रोजगार के पर्याप्त अवसर सृजित किए गए, जिसके चलते गरीबी और पलायन चरम पर पहुंच चुका है। नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि इस बार के बजट से किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं की जा सकती।
तेजस्वी यादव ने सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी की आलोचना करते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में हर तरफ अराजकता और अव्यवस्था का माहौल है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। उनका कहना था कि अपराधियों और सत्ताधारी नेताओं के गठजोड़ में आम जनता पिस रही है।
उन्होंने महिलाओं के खिलाफ बढ़ती घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति बेहद चिंताजनक है। तेजस्वी ने पटना में नीट की छात्रा की मौत के साथ-साथ मधेपुरा, खगड़िया, मुजफ्फरपुर, गोपालगंज, कैमूर, मुंगेर, सुपौल, मोतिहारी, कटिहार, सोनपुर और छपरा में महिलाओं के साथ हुई घटनाओं का हवाला दिया।
तेजस्वी यादव ने कहा कि लगातार बढ़ते अपराध यह संकेत दे रहे हैं कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं, और ऐसे हालात में सरकार की चुप्पी बेहद खतरनाक साबित हो सकती है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved