सीधी। मध्य प्रदेश के सीधी जिले (Sidhi District) में एक बुजुर्ग मंदिर पुजारी की हत्या (Murder of Priest) से इलाके में सनसनी फैल गई। धार्मिक माहौल के बीच हुई इस वारदात ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
मंदिर से लौटते समय हुआ हमला
जानकारी के अनुसार, मध्य प्रदेश के सीधी स्थित तहसील परिसर के हनुमान मंदिर में सेवा देने वाले 75 वर्षीय पुजारी इन्द्रभान द्विवेदी रोज की तरह सुबह पूजा-अर्चना के लिए गए थे। पूजा के बाद जब वह वापस घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में पहले से घात लगाए बाइक सवार दो युवकों ने उन पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने चलते वाहन के पास पहुंचकर धारदार हथियार से पुजारी का गला रेत दिया। गंभीर चोट लगने से वह सड़क पर गिर पड़े। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावर ने वारदात के दौरान कई बार हमला किया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए।
शांत स्वभाव के थे पुजारी, नहीं थी किसी से दुश्मनी
परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इन्द्रभान द्विवेदी बेहद शांत और सरल स्वभाव के व्यक्ति थे तथा उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। अचानक हुई इस घटना से परिवार और क्षेत्र के लोगों में गहरा आक्रोश है।
मौके पर पहुंची पुलिस, संदिग्धों से पूछताछ
घटना की सूचना मिलते ही कुसमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुछ संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है और पुलिस सभी संभावित पहलुओं-रंजिश, लूट या अन्य कारण—को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved