
इन्दौर। चोखी ढाबी के पीछे परसों जिस युवक का पेड़ पर लटका हुआ शव मिला था, उसके बारे में पहले कहा जा रहा था कि उसने आत्महत्या की होगी, लेकिन एफएसएल जांच और कुछ अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला हत्या का निकला है। परसों सिमरोल पुलिस को युवक के पेड़ पर टंगे होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची और जांच की थी। जिस युवक का शव था उसके सिर में चोट के निशान है। मौके पर पड़ताल के बाद यह भी लग रहा है कि किसी ने उसकी हत्या कर योजनाबद्ध तरीके से यहां लाकर उसके शव को पेड़ पर टांग दिया होगा।
पुलिस ने घटना स्थल से आसपास के रास्ते की पड़ताल भी की, ताकि कोई सीसीटीवी कैमरा मिल जाए, जिससे पता चल सके कि उसे कौन यहां लेकर आया था। मृतक के हाथ पर सुनिल लिखा हुआ है, जबकि दिल का टेटू बना हुआ है। अभी उसकी पहचान नही हो पाई है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि वह मजूदर वर्ग का है और आसपास ही कही काम करने के साथ रहता होगा। इंदौर जिले सहित धार, झाबुआ, खरगोन, बड़वानी और खंडवा जिले के सभी पुलिस थानों में मृतक के फोटो भेजकर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved