
आज तीसरा सावन सोमवार
अलसुबह से हुए अभिषेक-अनुष्ठान… मंत्रों से गूंजे शिवालय
इंदौर। पवित्र सावन माह के तहत तीसरे सावन सोमवार पर आज अलसुबह से शिवालयों में मंगला आरती के बाद अभिषेक-अनुष्ठान आयोजित किए गए। दर्शन-पूजन के लिए लम्बी कतारें लगी हुई हैं। आज अलसुबह से शहर के शिवालय और मंदिर ऊं नम: शिवाय और हर हर महादेव के उच्चारण से गूंज उठे।

भक्तों ने उत्साह के साथ भोले का अभिषेक किया। मंदिरों में दर्शन और जलाभिषेक करने के लिए शिव भक्तों की लम्बी कतारें सुबह से लग गई थीं, वहीं शहर के अन्य सभी मंदिरों और शिवालयों में अभिषेक-अनुष्ठान करने के लिए जमकर श्रद्धालु उमड़े। खासकर महिलाओं और युवाओं में भोलेनाथ का अभिषेक करने की होड़ लगी रही। गेंदेश्वर शिवधाम परदेशीपुरा, भूतेश्वर महादेव मंदिर पंचकुइया, जबरेश्वर महादेव मंदिर राजबाड़ा, इन्द्रेश्वर महादेव मंदिर पंढरीनाथ, कांटाफोड़ मनकामेश्वर मंदिर, कपालेश्वर महादेव मंदिर जयरामपुर कालोनी, गांधी हॉल शिवालय, गीता भवन, खजराना गणेश मंदिर स्थित महाकालेश्वर मंदिर, अन्नपूर्णा मंदिर, हंसदास मठ बड़ा गणपति, विद्याधाम आश्रम में भक्तों का जमावड़ा पूजन-अनुष्ठान के किए लगा रहा।

आज विभिन्न फलदायी योगों में सोमवार
तीसरे सोमवार पर श्रावण अधिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि है। आज रवि योग सुबह 05 बजकर 38 मिनट से प्रारंभ हो गया है और यह रात 10 बजकर 12 मिनट तक है। प्रात:काल से शिव योग बना है, जो दोपहर 02 बजकर 52 मिनट तक रहेगा। वहीं सिद्ध योग दोपहर 02.52 बजे से पूरी रात तक है। आज ही हस्त नक्षत्र रात 10 बजकर 12 मिनट तक है। उसके बाद चित्रा नक्षत्र लगेगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved