
- दो दिन बाद बदल सकता है मौसम का मिजाज
जबलपुर। उत्तर भारत के पहाड़ों पर पिछले दिनों लगातार बर्फबारी हुई है। इस कारण पूरे प्रदेश के साथ ही संस्कारधानी कड़ाके की ठंड से कांप रहा है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक हवा का रुख उत्तरी हो गया है। उत्तर भारत की तरफ से आ रही बर्फीली हवाओं के चलते रविवार-सोमवार को मध्य प्रदेश में कड़ाके की ठंड पडऩे की संभावना है। इसके बाद उत्तर भारत में एक के बाद एक आ रहे दो पश्चिमी विक्षोभ के असर से बादल छाने के कारण न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने लगेगी। इससे ठंड से कुछ राहत मिलने लगेगी।
मौसमविदें के अनुसार आज शनिवार व कल रविवार को भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहेगा, जिससे रात के तापमान में अचानक से तेजी से गिरावट देखी गई है। रविवार-सोमवार को भी ठंड के तेवर तीखे रह सकते हैं। मौसमविदें के अनुसार 16 जनवरी रविवार को एक कमजोर आवृति का पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करेगा। इसके बाद 18 जनवरी को भी एक तीव्र आवृति वाले पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर भारत में प्रवेश करने की संभावना है। इसके प्रभाव से वातावरण में नमी बढऩे से बादल छाने लगेंगे। इससे रात का तापमान बढऩे लगेगा। इस दौरान कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बौछारें भी पड़ सकती हैं।