img-fluid

राजा भैया के कुंडा में आज से धीरेंद्र शास्त्री की रामकथा, 20 नवंबर को लगेगा दिव्य दरबार, जाने क्‍या है इंतजाम?

November 17, 2026

प्रतापगढ़। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के प्रतापगढ़ जिले (Pratapgarh District) के कुंडा में मंगलवार से चार दिवसीय श्रीराम कथा (Shri Ram Katha) का आयोजन शुरू हो रहा है। कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (Pandit Dhirendra Krishna Shastri) बेंती राजभवन हवाई पट्टी परिसर में बने विशाल पंडाल में श्रद्धालुओं को रामकथा सुनाएंगे। इस धार्मिक आयोजन की मेजबानी कुंडा विधायक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया कर रहे हैं।

आयोजन के शुरुआती तीन दिनों तक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री श्रीराम कथा का वाचन करेंगे। वहीं, 20 नवंबर को चौथे दिन दिव्य दरबार लगाया जाएगा। कार्यक्रम में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पंडाल, भोजन, ठहरने और सुरक्षा से लेकर यातायात प्रबंधन तक की तैयारियां की गई हैं।

560 फीट लंबा मुख्य पंडाल, पूरा परिसर वाटरप्रूफ
आयोजन समिति के मुताबिक, मुख्य कथा पंडाल 100 फीट चौड़ा और 560 फीट लंबा बनाया गया है। इसके दोनों ओर 54-54 फीट चौड़े और 400-400 फीट लंबे अतिरिक्त पंडाल तैयार किए गए हैं। धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बैठने के लिए 80 फीट लंबा और 48 फीट चौड़ा विशेष पंडाल बनाया गया है। पूरे परिसर को वाटरप्रूफ पंडाल से ढका गया है, ताकि मौसम की वजह से कार्यक्रम में बाधा न आए। इसके अलावा पंडाल के पीछे हेलीपैड भी तैयार किया गया है।

20 से 25 हजार श्रद्धालुओं के ठहरने की व्यवस्था
दूसरे राज्यों और दूर-दराज के इलाकों से आने वाले श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। आयोजन समिति के अनुसार, करीब 20 से 25 हजार लोगों के रुकने की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं के भोजन के लिए चारों दिन 24 घंटे भंडारा चलेगा। भंडारा स्थल पर भोजन के साथ नाश्ते की भी व्यवस्था रहेगी, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।


  • 9 सेक्टर और 7 जोन में बांटा गया कथा क्षेत्र
    लाखों लोगों की संभावित भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी की गई है। पूरे कथा क्षेत्र को नौ सेक्टर और सात जोन में बांटा गया है। यहां करीब एक हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। हर जोन की जिम्मेदारी एक पुलिस उपाधीक्षक को सौंपी गई है।

    अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय के मुताबिक, सुरक्षा व्यवस्था में एक एसपी, तीन एडिशनल एसपी और छह सीओ समेत करीब एक हजार पुलिसकर्मी शामिल रहेंगे। इसमें फतेहपुर, कौशांबी और प्रयागराज कमिश्नरेट से बुलाया गया अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात रहेगा। इस आयोजन में राजा भैया के विशेष निमंत्रण पर जोधपुर शिविर से करीब 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थियों के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है।

    बाबा रामदेव और कई संतों के पहुंचने की संभावना
    श्रीराम कथा में धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्र की कई प्रमुख हस्तियों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन में योगगुरु बाबा रामदेव, सतुआ बाबा और हैदराबाद के टी. राजा सहित कई संतों, मंत्रियों और विधायकों को आमंत्रित किया गया है।

    आयोजन समिति के मुताबिक, बाबा रामदेव और सतुआ बाबा समेत कई संतों ने कार्यक्रम में आने की सहमति दी है। इसके अलावा दूसरे राज्यों के कुछ नेताओं के भी बेंती पहुंचने की उम्मीद है।

    Share:

  • सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved