
जबलपुर। मंडला जिले में पदस्थ एक पुलिस आरक्षक पर युवती ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीडि़ता की शिकायत पर जबलपुर के महिला थाने में आरोपी आरक्षक सिद्धार्थ आरसे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मूल रूप से पिपरिया निवासी आरोपी आरक्षक युवती को शहर के विभिन्न होटलों में ले जाकर उसके साथ गलत काम करता था। पीडि़ता ने शुक्रवार को जबलपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आपबीती सुनाई और लिखित आवेदन दिया। शिकायत के अनुसार, युवती और आरोपी की पहचान आज से तीन साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। शुरुआत में दोनों के बीच सामान्य बातचीत होती थी, जो धीरे-धीरे गहरी दोस्ती और प्रेम संबंध में बदल गई। आरोपी ने युवती को विश्वास में लिया और उससे जल्द ही शादी करने का वादा किया।
दीनदयाल चौक के होटल में पहली बार बनाए संबंध
युवती का आरोप है कि शादी का भरोसा दिलाकर आरोपी ने 23 अप्रैल को उसके साथ पहली बार जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद अप्रैल से नवंबर 2026 के बीच यह सिलसिला लगातार चलता रहा। आरोपी उसे जबलपुर के दीनदयाल चौक स्थित स्वागत होटल सहित शहर के अन्य होटलों में लेकर जाता था और शादी का आश्वासन देकर उसका दैहिक शोषण करता रहा। जब युवती ने विवाह करने का दबाव बनाया, तो आरोपी ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया। पीडि़ता ने अपनी शिकायत में यह भी बताया है कि जब उसने इस संबंध में आरोपी के परिजनों से बात की, तो उन्होंने भी उसके साथ अभद्र व्यवहार किया।
इतना ही नहीं, आरोपी आरक्षक अपनी पुलिस की वर्दी का रौब दिखाते हुए युवती को कानूनी कार्रवाई करने की खुली चुनौती देता था और उसे लगातार धमकाता था। युवती ने पहले निवास थाने में भी शिकायत करने का प्रयास किया था, लेकिन वहां से कोई सहयोग नहीं मिलने पर वह निराश होकर जबलपुर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने आवेदन की जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद महिला थाने में प्रकरण दर्ज कर पूरे मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved