
आगर मालवा। शहर से निकले मार्गों की स्थिति खतरनाक बनी हुई है, फिर चाहे इंदौर कोटा मार्ग हो या आगर सारंगपुर या आगर बडौद मार्ग तीनों ही मार्ग वर्तमान स्थिति में वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। बीती रात एक बाईक चालक युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। जानकारी अनुसार सोमवार-मंगलवार की रात 2 बजे बड़ौद मार्ग स्थित नर्सरी के समीप हुई, जब आगर की ओर आ रहे बाईक चालक प्रितम पिता प्रभूलाल सूर्यवंशी 21 वर्ष निवासी अर्जुन नगर कॉलोनी आगर को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिसके कारण बाईक चालक की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद शव को जिला अस्पताल लाया गया, जहां मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजन को सौंपा गया।
गौरतलब है कि आगर इंदौर मार्ग, सारंगपुर मार्ग और आगर बउौद मार्ग पर लगातार वाहन दुर्घटनाए होती जा रही है, जिसमे कभी वाहन चालक गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल में उपचार कराने को मजबूर है तो कभी दुर्घटनाओं में मौत का शिकार हो रहे हैं। अधिकतर वाहन दुर्घटनाएं सड़क की खराब स्थिति और उखडी हुई साईड एवं वाहन चालकों को यातायात के नियमों की जानकारी के आभाव में ही घटित हुई है। शहर से दो प्रमुख मार्ग इंदौर कोटा और आगर सारंगपुर मार्ग निकले हैं। दोनों ही मार्गों की स्थिति खराब हो रही है। जहां आगर सारंगपुर मार्ग पर सड़क की साईड उखड़ी हुई होने से वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बनती जा रही है, वहीं मार्ग की चौड़ाई अपेक्षाकृत कम होने से एक साथ दो वाहनों का निकलना भी इस मार्ग पर परेशानी खड़ी कर रहा है। इसी तरह इंदौर कोटा मार्ग की भी यही दशा हो रही है। मार्ग पर जहां जगह जगह गड्डे बने हुए है। वहीं साईड भी उखड़ी हुई है और सड़क की चौड़ाई भी कम है। जिसके कारण इस मार्ग पर भी लगातार सड़क दुर्घटनाएं होती आ रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved