
जैसे ही पैसा आएगा वैसे ही शिवाजी मार्केट और छोटा गणपति की दुकानें टूटेंगी
इंदौर। इंदौर नगर निगम (Indore Municipal Corporation) द्वारा 28 दुकानें (28 shops) तोडऩे (demolishing) के एवज में मेट्रो रेल कंपनी (Metro Rail Company) से एक करोड़ रुपए की मांग की गई है। जैसे ही यह राशि नगर निगम को प्राप्त हो जाएगी वैसे ही छोटा गणपति और शिवाजी मार्केट की दुकानें तोडऩे का काम किया जाएगा।
मेट्रो रेल कंपनी को अपने स्टेशन के निर्माण में इन दोनों स्थानों पर बनी दुकानों से समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मेट्रो कंपनी ने इंदौर नगर निगम को शिवाजी मार्केट की 16 और छोटा गणपति मंदिर के सामने की 12 दुकानें हटाने के लिए कहा है। यह सभी दुकानें पक्की बनी हुई हैं। इन दुकानों को तोडऩे से रिक्त होने वाले स्थान का उपयोग मेट्रो कंपनी द्वारा अपने स्टेशन के काम को अंजाम देने में किया जाएगा। इस बारे में मेट्रो कंपनी द्वारा नगर निगम के अधिकारियों के साथ पिछले काफी समय से चर्चा की जा रही है।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि यह पक्की दुकानें निगम की मिल्कियत है। ऐसे में यदि मेट्रो कंपनी को इन दुकानों को तुड़वाना है तो दुकानों के निर्माण की लागत चुकाना होगी। यह कहने के साथ ही नगर निगम द्वारा कल मेट्रो कंपनी के नाम पर एक करोड़ रुपए का नोटिस जारी कर दिया गया है। अब मेट्रो कंपनी से कहा गया है कि वह यह राशि जमा करवा दे तो उसके बाद में इन दुकानों को तोड़ा जाएगा।
मेट्रो कंपनी के अधिकारियों ने बताया कि आज-कल में ही कंपनी द्वारा नगर निगम में एक करोड़ रुपए जमा करवा दिए जाएंगे। इसके साथ ही इन दुकानों के टूटने का रास्ता खुल जाएगा। ध्यान रहे कि मेट्रो कंपनी द्वारा किए जा रहे कामकाज के कारण अभी वैसे भी यह दुकानें बंद पड़ी हैं। इन दुकानों के आगे मेट्रो कंपनी द्वारा हरी नेट लगा दी गई है। इसके परिणाम स्वरूप न तो इन दुकानों पर आकर व्यापारी अपनी दुकान खोल सकते हैं और न ही इन दुकानों तक ग्राहक आ सकते हैं। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए अब इन दुकानों को तोडऩे की औपचारिकता को पूर्ण करने की कार्रवाई शुरू हो रही है।
10 गुमटियां भी तोड़ी जाएंगी
इसके साथ ही छोटा गणपति मंदिर के सामने बनी 10 गुमटियां भी तोड़ी जाएंगी। यह गुमटियां कोई पक्का निर्माण नहीं है, इस कारण नगर निगम द्वारा इन्हें तोडऩे के लिए अलग से कोई राशि नहीं मांगी गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved