
इंदौर। निगम का दावा है कि भागीरथपुरा में अब 75 फीसदी हिस्से में नर्मदा लाइन से जलापूर्ति की जा रही है और शेष 25 फीसदी क्षेत्रों में ही टैंकरों से ही पानी बंट रहा है। आज सुबह भी निगमायुक्त क्षितिज सिंघल भागीरथपुरा पहुंचे और वहां की जलापूर्ति व्यवस्था का निरीक्षण किया और गठित की गई बीट टीमों के साथ उन्होंने चल रहे कार्यों की समीक्षा भी की। दूसरी तरफ महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने लालबाग के पीछे स्थित गारबेज ट्रांसफर स्टेशन यानी जीटीएस का निरीक्षण किया और त्रिवेणी कॉलोनी का उद्यान भी देखने पहुंचे। दूसरी तरफ हाईकोर्ट में कल भी निगम को फटकार खाना पड़ी और ये आरोप लगे कि जो जांच कमेटी गठित की है उसे दस्तावेज ही उपलब्ध नहीं कराए गए, वहीं अग्निबाण ने पोटेशियम क्लोराइड अधिक मात्रा में मिला दिए जाने की खबर भी प्रकाशित की थी, उस पर भी हाईकोर्ट में जांच की मांग का आवेदन कल वरिष्ठ अभिभाषक अजय बागडिय़ा ने प्रस्तुत किया।
आयुक्त सिंघल द्वारा संपूर्ण भागीरथपुरा क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भ्रमण के दौरान उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों से सीधे संवाद करते हुए जल आपूर्ति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। आयुक्त ने नागरिकों से पूछा कि पानी नियमित रूप से मिल रहा है या नहीं, कितनी मात्रा में प्राप्त हो रहा है तथा किसी प्रकार की कोई समस्या तो नहीं है। इस पर स्थानीय नागरिकों ने बताया कि वर्तमान में उन्हें स्वच्छ एवं पर्याप्त मात्रा में पानी मिल रहा है तथा जल आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की समस्या नहीं है। विदित हो कि भगीरथ पूरा के 75 प्रतिशत क्षेत्र में नर्मदा लाइन से जलापूर्ति की जा रही है,शेष क्षेत्र में टैंकरों के माध्यम से जल वितरण किया जा रहा है। आयुक्त सिंघल द्वारा शेष रहे क्षेत्र में नर्मदा लाइन से जल आपूर्ति के कार्यों को शीघ्र एवं प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश संबंधित अधिकारी को दिए गए।
आयुक्त सिंघल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्राप्त होने वाले पानी का उपयोग सावधानीपूर्वक करें तथा पीने के पानी को उबालकर ही उपयोग में लें, जिससे स्वास्थ्य संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या से बचा जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि यदि भविष्य में पानी से संबंधित कोई समस्या आती है तो तुरंत संबंधित अधिकारी या निगम के नियंत्रण कक्ष को अवगत कराएं, जिससे समय रहते उसका समाधान किया जा सके। निरीक्षण के दौरान आयुक्त द्वारा भागीरथपुरा क्षेत्र में स्थित शासकीय विद्यालय परिसर का भी निरीक्षण किया गया।
इस दौरान उन्होंने विद्यालय के शौचालयों की साफ-सफाई, स्वच्छता व्यवस्था एवं परिसर की समुचित सफाई बनाए रखने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। वहीं महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने प्रात: वार्ड क्रमांक 66 के अंतर्गत लालबाग के पीछे स्थित जीटीएस (गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन) का निरीक्षण किया गया। उन्होंने अनावश्यक रूप से जमा ग्रीन वेस्ट एवं अन्य अव्यवस्थित सामग्री को तत्काल हटाया जाए, ताकि क्षेत्र में स्वच्छता और सुव्यवस्था बनी रहे। महापौर भार्गव द्वारा त्रिवेणी कॉलोनी स्थित उद्यान का भी निरीक्षण किया गया। उन्होंने उद्यान में स्वच्छता, हरियाली एवं नागरिक सुविधाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि उद्यान का नियमित रूप से रखरखाव किया जाए तथा वहां आने वाले नागरिकों के लिए स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved