
गया। बिहार के गया से इस समय बड़ी खबर सामने आ रही है। जिले के डुमरिया प्रखंड के मौन बार गांव में नक्सलियों ने चार लोगों की हत्या कर दी। इसके बाद उसके घर को बम से उड़ा दिया। घटना शनिवार रात की है, जब नक्सलियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। मामले की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नक्सलियों ने चारों लोगों को फांसी पर लटकाया
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, गांव निवासी सरजू सिंह भोक्ता के घर को प्रतिबंधित नक्सलियों ने बम से उड़ा दिया। नक्सलियों ने पति-पत्नी समेत पूरे परिवार को सरेआम फांसी पर लटका दिया। मारे गए लोगों में सतेंद्र सिंह, महेंद्र सिंह, मनोरमा देवी और सुनीता सिंह शामिल हैं।
नक्सलियों ने पर्चा चिपकाकर लिखा, ले लिया गया बदला
इतना ही, इस घटना को अंजाम देने के बाद नक्सलियों ने पर्चा चिपकाते हुए लिखा, इसी परिवार के लोगो ने षडयंत्र के तहत चार नक्सलियों को पूर्व में जहर खिलाकर मरवा दिया था। वो इनकाउंटर में नहीं मारे गए थे। नक्सलियों ने लिखा अमरेश कुमार, सीता कुमार, शिवपूजन कुमार और उदय कुमार की शहादत का बदला ले लिया गया है।
पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान कर रही है
मामले में एसएसपी आदित्य कुमार ने कहा, ‘नक्सलियों ने यह कायराना हरकत चुनाव में दबिश दिखाने के लिए की है। हत्या उसी जगह हुई है, जहां चार नक्सली एनकाउंटर में मारे गए थे। पुलिस पूरे इलाके में सर्च अभियान कर रही है।’
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved