
जबलपुर। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के रुपझर थानांतर्गत ग्राम केसलई में एक पिता ने अपने तीन वर्ष के मासूम बेटे की हत्या कर दी। बताया जाता है कि आरोपित ने मासूम के सिर व गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे मौत की नींद सुला दिया। पुलिस ने आरोपित पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
घर जमाई है आरोपित
आरोपित रतन सिंह उइके मूल रूप से ग्राम टिकरिया का रहने वाला है। उसकी शादी सात साल पहले केसलई की सुनीता से हुई थी। शादी के बाद से वह अपनी ससुराल में ही रहता है। उसके परिवार में पत्नी के अलावा छह साल की बेटी और तीन साल का बेटा वीरेंद्र था।
पत्नी-बेटी घर से बाहर गई थीं
शुक्रवार की शाम उसकी पत्नी और बेटी कहीं गई थीं। इसी दौरान उसने घर के आंगन में तीन साल के वीरेंद्र पर कुल्हाड़ी से ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत की नींद सुला दिया। इसके बाद आरोपित मौके से भागा नहीं अपितु वहीं मौजूद रहा। जब आरोपित की पत्नी घर वापस लौटी, तब लोगों को इस घटना का पता चला।
हत्या की वजह अज्ञात
रुपझर थाना प्रभारी दीपक त्रिपाठी ने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित रतन सिंह ने इस घटना को अंजाम क्यों दिया, फिलहाल इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस तमाम बिंदुओं को केंद्र में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved