शिवपुरी। मध्य प्रदेश (mp) में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घर के पास बने एक कुएं से महिला और उसके दो बच्चों की लाशें बरामद हुईं। महिला का पति गोवर्धन पर्वत (Govardhan Mountain) की परिक्रमा करने गया था। कुएं से 3 लाशें मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया। पुलिस हर एंगल सं मामले की जांच कर रही है।
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम जोराई में गुरुवार को एक ही परिवार के तीन लोगों की लाश कुएं से बरामद होने की घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। मृतकों में एक महिला और उसके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। यह घटना रहस्यमयी हालात में हुई, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी भेजा है, जहां पैनल से जांच कराई जा रही है।
कुएं में मिली लाशों की पहचान पिंकी बघेल पत्नी रामनिवास बघेल उम्र 28 वर्ष, उनकी बेटी रुचिका उम्र 4 वर्ष और 8 माह के मासूम बेटे आनंद के रूप में हुई है। तीनों के शव गुरुवार उनके घर के सामने बने पुराने कुएं में पड़े मिले। शव देखकर ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना के समय महिला का पति रामनिवास बघेल गांव में नहीं था। वह अपने साले और साढ़ू के साथ गोवर्धन पर्वत की परिक्रमा करने गया था। रात को परिक्रमा पूरी कर वह लौट तो आया था, लेकिन साले के घर ही रुक गया। गुरुवार को उसे यह सूचना उसके चाचा के लड़के से मिली।
बैराड़ थाना प्रभारी रविशंकर कौशल ने बताया कि मर्ग कायम कर लिया गया है। आत्महत्या, हादसा या हत्या, तीनों पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस परिजन के बयानों के साथ साथ मोबाइल कॉल डिटेल भी खंगाल रही है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved