
उज्जैन। शहर मेंं बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के साथ लूटपाट की घटनाएं होना शुरू हो गई हैं। कल इंदौरगेट की होटल में दो बाहर के परिवारों के साथ घटना हुई, उसी तरह आज महाकाल के सामने यादव धर्मशाला में सोए महाराष्ट्र के श्रद्धालु के साथ घटना हो गई। सोते में अज्ञात बदमाश उसके हाथ से अंगूठी, चेन और बच्चे के गले से सोने का पेंडल निकाल ले गए। आज सुबह जब वे जागे तो जेवर गायब मिलने पर पुलिस में शिकायत की।
महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि महाराष्ट्र निवासी राहुल साहू, अपनी पत्नी कस्तूरी और रसल साहू और बेटे के साथ कल महाकाल दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद रात में वे मंदिर के सामने स्थित यादव धर्मशाला में ठहरे थे और पूरा परिवार हाल में सोया हुआ था। इस दौरान देर रात अज्ञात बदमाश सोते समय उनके हाथ में पहनी सोने की अंगूठी, सोने की चेन और बच्चे के गले में डला सोने का पेंडल निकालकर ले गए। आज सुबह जब वे जागे तो हाथ और गले से जेवर गायब थे। इसकी सूचना धर्मशाला प्रबंधन को दी लेकिन वह कुछ नहीं बताया। इस पर परिवार ने महाकाल थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज करने के बाद धर्मशाला के आसपास के सीसीटीवी फुटेज देखे जिसमें एक बदमाश संदिग्ध नजर आ रहा है। पुलिस ने बताया कि वारदात में आसपास के किसी व्यक्ति का हाथ हो सकता है। उल्लेखनीय है कि कल तड़के इंदौरगेट की होटल में दिल्ली और सीहोर के यात्रियों के साथ तीन बदमाशों ने लूट की थी और उनका पता नहीं चला है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved