
जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र के बिलपुरा मढ़ई में रुपये, कमीशन और भविष्य में सुरक्षा देने का लालच देकर एक महिला पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने महिला को अपना धर्म बदलने के बदले तत्काल पांच हजार रुपये नकद देने की पेशकश की थी। इसके साथ ही अन्य लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए तैयार कर लाने पर प्रति व्यक्ति तीन हजार रुपये कमीशन देने की बात कही गई। आरोपी ने विदेश से आर्थिक सहायता मिलने, धर्म बदलने वालों को सुरक्षा दिलाने और संस्था में बड़ा पद दिलाने का भरोसा भी दिया।
परिचित महिला के माध्यम से संपर्क
जानकारी के अनुसार भारती कॉलोनी, बिलपुरा मढ़ई निवासी पिंकी बेन, पति हुकुमचंद बेन की पहचान इंदिरा नगर में रहने वाली उनकी परिचित लक्ष्मी विश्वकर्मा के माध्यम से बोर्टन फिलिप नामक व्यक्ति से हुई थी। महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी का क्षेत्र में लगातार आना-जाना था। परिचित के माध्यम से मुलाकात होने के बाद उसने धीरे-धीरे महिला और उसके परिवार के बारे में जानकारी जुटाई तथा उनसे संपर्क बढ़ाया। इसी दौरान आरोपी ने महिला को बिलपुरा मढ़ई स्थित एक मकान में मिलने के लिए बुलाया।
मुलाकात में सीधे रखा धर्म बदलने का प्रस्ताव
शिकायत के अनुसार महिला जब बताए गए मकान में पहुंची तो आरोपी ने सामान्य बातचीत के बाद सीधे धर्म परिवर्तन का प्रस्ताव रख दिया। आरोपी ने कहा कि वह अपना वर्तमान धर्म छोड़कर ईसाई धर्म अपना ले तो उसे तुरंत पांच हजार रुपये नकद दिए जाएंगे। महिला ने जब प्रस्ताव में रुचि नहीं दिखाई तो आरोपी ने आर्थिक लाभ बढ़ाने की बात कही। शिकायत में बताया गया कि उसने अन्य लोगों को साथ लाने पर प्रति व्यक्ति तीन हजार रुपये कमीशन देने का प्रस्ताव रखा। इस तरह आरोपी केवल महिला का धर्म परिवर्तन कराने तक सीमित नहीं था, बल्कि कथित रूप से उसके माध्यम से अन्य लोगों तक भी पहुंच बनाना चाहता था।
दूसरों को लाओ, प्रति व्यक्ति मिलेगा कमीशन
महिला द्वारा पुलिस को दिए गए बयान के अनुसार आरोपी ने कहा कि यदि वह अपने परिचितों और आसपास रहने वाले लोगों को भी धर्म परिवर्तन के लिए तैयार करके लाएगी, तो प्रत्येक व्यक्ति के बदले उसे अलग से राशि दी जाएगी। इस पेशकश के बाद महिला को आरोपी की गतिविधियों पर संदेह हुआ। पीडि़ता ने प्रस्ताव अस्वीकार करते हुए इसकी जानकारी परिवार और परिचितों को दी। इसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
मकान पर अवैध कब्जे का भी दावा
महिला ने पुलिस को बताया कि बिलपुरा मढ़ई स्थित श्रीकांत चक्की के पास जिस मकान में आरोपी उसे मिलने के लिए बुलाता था, वहां कथित रूप से एक मानसिक रूप से कमजोर युवती रहती है। मकान मालिक की मौत हो चुकी है। शिकायत में कहा गया है कि इसी परिस्थिति का लाभ उठाकर आरोपी ने मकान पर कब्जा कर रखा था। पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है कि मकान का वास्तविक मालिक कौन है, आरोपी किस अधिकार से वहां रह रहा था और क्या उसके पास मकान के उपयोग से संबंधित कोई वैध दस्तावेज हैं।
मकान को चर्च का स्वरूप देने की बात
पीडि़ता ने अपने बयान में कहा कि आरोपी ने संबंधित मकान को भविष्य में चर्च का स्वरूप देने की बात भी कही थी। उसने महिला को भरोसा दिलाया कि बड़ा नेटवर्क उसके साथ जुड़ा है और इसके लिए आर्थिक मदद की कोई कमी नहीं होगी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि मकान में किसी प्रकार का धार्मिक केंद्र स्थापित करने की तैयारी चल रही थी या यह केवल महिला को प्रभावित करने के लिए किया गया दावा था।
शिकायत के बाद पुलिस ने की गिरफ्तारी
महिला की शिकायत मिलने के बाद रांझी पुलिस ने मामले की प्रारंभिक जांच की। बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आरोपी बोर्टन फिलिप के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले से जुड़े डिजिटल, आर्थिक और दस्तावेजी साक्ष्य जुटा रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved