
मलकानगिरी । ओडिशा के मलकानगिरी जिले में महिला कांस्टेबल (Lady constable) ने ड्यूटी से परे जाकर परीक्षा दे रही एक मां की मदद की। उन्होंने उसके बच्चे की देखभाल की और यहां तक कि उसे शांत करने के लिए स्तनपान (breastfeeding) भी कराया। यह घटना बिबीगुड़ा परीक्षा केंद्र पर RI भर्ती परीक्षा के दौरान हुई। कांस्टेबल का नाम रजनी माझी है, जो परीक्षा की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थीं। उन्होंने देखा कि एक अभ्यर्थी भैरवी मंडल अपने डेढ़ महीने के बच्चे के बाहर रोने की वजह से परेशान हैं। वह पेपर पर फोकस नहीं कर पा रही थीं।
महिला कांस्टेबल रजनी खुद 9 महीने के एक बच्चे की मां हैं। मातृत्व भावना और सहानुभूति से उन्होंने भैरवी के बच्चे को स्तनपान कराकर शांत किया। परीक्षा खत्म करने के बाद आंसुओं भरी आंखों से भैरवी ने कांस्टेबल को धन्यवाद दिया। रजनी ने कहा कि उन्होंने वही किया जो कोई भी मां करती। रजनी ने कहा, ‘वह महिला परीक्षा देने और बच्चे के रोने को लेकर दुविधा में थी। मैंने उनसे कहा कि आप परीक्षा दें, मैं बच्चे का ख्याल रखूंगी। मुझे उनकी पीड़ा समझ आई क्योंकि मेरे पास भी नौ महीने का बच्चा है। जब मैंने देखा कि बच्चा पिता के पास रो रहा है, तो मैंने उसे गोद में ले लिया और चुप कराया। ऐसा करके मुझे बहुत खुशी हुई क्योंकि मां होने के नाते मैं उनकी स्थिति समझ सकती हूं।’
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved